![]()
अयोध्या जिले में स्पा सेंटरों की जांच के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान रक्षा के तहत सोमवार को बाल कल्याण समिति और पुलिस की संयुक्त टीम ने देवकाली बाईपास स्थित आर्य स्पा सेंटर पर औचक छापेमारी की। टीम के पहुंचते ही स्पा सेंटर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन विस्तृत जांच के दौरान किसी प्रकार की संदिग्ध या अनैतिक गतिविधि सामने नहीं आई। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष सर्वेश अवस्थी ने बताया कि शासन के निर्देश पर जिले के स्पा सेंटरों का निरीक्षण किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कहीं किसी नाबालिग लड़की से अवैध कार्य न कराया जा रहा हो और उनका किसी प्रकार का शोषण न हो। इसी शिकायत के आधार पर आर्य स्पा सेंटर की जांच की गई। दस्तावेज और कर्मचारियों का किया सत्यापन संयुक्त टीम ने स्पा सेंटर में कार्यरत कर्मचारियों का सत्यापन किया और लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान कोई अनियमितता, आपत्तिजनक सामग्री या नियमों के उल्लंघन का मामला सामने नहीं आया। आगे भी जारी रहेगा अभियान अधिकारियों ने बताया कि जिले के अन्य स्पा सेंटरों पर भी इसी प्रकार के औचक निरीक्षण लगातार किए जाएंगे, ताकि नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो और कानून का कड़ाई से पालन कराया जा सके।
Source link