![]()
बस्ती के शहर कोतवाली क्षेत्र में मुफ्त सिगरेट न मिलने पर एक युवक ने दुकानदार को कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। हालांकि, दुकानदार ने साहस का परिचय देते हुए आरोपी के हाथ से कट्टा छीन लिया। इस दौरान भीड़ जुटने का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना सोमवार रात करीब 8:30 बजे जनता होटल के पास हुई। दुकानदार शशिकांत गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रामेश्वरपुरी निवासी एक युवक उनकी दुकान पर आया और बिना पैसे दिए सिगरेट मांगने लगा। मुफ्त में सिगरेट देने से इनकार करने पर वह भड़क गया और अपने पास रखा कट्टा निकालकर उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगा। अचानक हुई इस घटना से आसपास अफरा-तफरी मच गई। दुकानदार ने शोर मचाकर मदद मांगी, जिस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ जुटते देख शशिकांत ने हिम्मत दिखाते हुए युवक के हाथ से कट्टा छीन लिया। इसी बीच आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुकानदार की तहरीर के आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी है। बरामद कट्टे को कब्जे में लेकर उसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
Source link