![]()
हाथरस के सादाबाद में एक किशोरी से रेप के आरोपी डॉक्टर ने बुधवार शाम करीब 4 बजे कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। यह घटना 30 जुलाई को दोपहर लगभग 12:10 बजे की है। सादाबाद में एक किशोरी की तबीयत खराब होने पर उसके पिता उसे इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक पर डॉक्टर के पास ले गए थे। रिपोर्ट के अनुसार, चिकित्सक ने किशोरी को देखने के बाद इंजेक्शन लगाने की बात कही। उसने किशोरी को पहले सेब खिलाने के लिए कहा और पिता से बाजार से सेब लाने को कहा। पिता अपनी बेटी को क्लीनिक पर छोड़कर सेब लेने बाजार चले गए। आरोप है कि पिता के वहां से जाने के बाद डॉक्टर ने किशोरी के साथ अश्लील हरकतें कीं। उस पर किशोरी के कपड़े उतारने और उसके साथ आपत्तिजनक व्यवहार करने का आरोप है। जब पिता सेब लेकर क्लीनिक वापस लौटे, तो वे अपनी बेटी को लेकर घर आ गए। किशोरी ने घर पहुंचकर अपनी मां को घटना के बारे में बताया। इसके बाद किशोरी के माता-पिता डॉक्टर के पास पहुंचे और घटना के संबंध में पूछताछ की। आरोप है कि इस दौरान डॉक्टर ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था। आज बुधवार को इस मामले में आरोपी डॉक्टर वीके पचौरी, पुत्र श्रीचन्द्र पचौरी, निवासी मोहल्ला बरौरियान, थाना सादाबाद, जिला हाथरस ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। वहां से कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया।
Source link