![]()
जालौन के कालपी में शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक यमुना नदी पर बने रेलवे पुल के ऊपरी हिस्से पर चढ़ गया। युवक नीचे उतरने से इनकार करते हुए अपनी प्रेमिका को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ गया। सूचना मिलते ही कालपी कोतवाली पुलिस, रेलवे पुलिस (जीआरपी) और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस लगातार युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रही है। प्रेमिका की बरामदगी के बाद पुल पर चढ़ा युवक युवक की पहचान कालपी के भट्टीपुरा निवासी 21 वर्षीय सोहेल पुत्र शमशाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह गोंडा जिले की एक नाबालिग लड़की को अपने साथ लेकर आया था। इस मामले में गोंडा जिले में उसके खिलाफ नाबालिग को भगाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज है। इसी मामले की जांच के लिए गोंडा पुलिस कालपी पहुंची थी। प्रेमिका को बुलाने की मांग, पुल पर बैठा रहा युवक बताया जा रहा है कि गोंडा पुलिस ने नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद सोहेल मौके से भाग निकला और यमुना रेलवे पुल पर चढ़ गया। वहां से उसने ऐलान किया कि जब तक उसकी प्रेमिका को मौके पर नहीं लाया जाएगा, वह नीचे नहीं उतरेगा। युवक काफी देर तक पुल के ऊपरी हिस्से पर बैठा रहा, जिससे आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई और मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस और परिजन समझाने में जुटे घटना की सूचना पर कालपी पुलिस, जीआरपी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक के परिजनों को भी बुलाया और उनकी मदद से उसे समझाने का प्रयास शुरू किया। किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए रेलवे पुल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। वहीं, नाबालिग लड़की को भगाने के मामले की विवेचना गोंडा पुलिस कर रही है। पुलिस का कहना है कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास लगातार जारी हैं।
Source link