![]()
किदवई नगर में चार अगस्त को रोड एक्सीडेंट में घायल युवती की गुरुवार तड़के हैलट अस्पताल में मौत हो गई। युवती अपने साथियों के साथ चार अगस्त को अपने दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए गई थी। देर रात वापसी के दौरान रांग साइड से आ रहे ईंट लदे ट्रैक्टर और तेज रफ्तार फार्च्यूनर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हुई थी। हादसे में फार्च्यूनर सवार तीन लोग घायल हो गए थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि फार्च्यूनर के चालक साइड का पहिया निकलकर अलग हो गया, जबकि ट्रैक्टर के दाहिने तरफ के दोनों टायर फट गए और रिम भी टेढ़े हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक साथियों संग मौके से फरार हो गया था। राहगीरों की सूचना पर पहुंची किदवई नगर पुलिस ने घायलों को पहले पास के पीपीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद सभी को हैलट अस्पताल रेफर कर दिया था। चार अगस्त को देर रात 2 बजे हुआ था एक्सीडेंट बर्रा गांव निवासी कशिश (20) जागरण पार्टी में काम करती थी। परिवार में लेदर का काम करने वाले पिता संजय गौतम, मां रानी व छोटी बहन कनिका है। पिता संजय गौतम ने बताया कि चार अगस्त की रात बेटी बर्रा–8 निवासी अंतरा सिंह और कनक वर्मा के साथ दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए गई थी, जहां से शामिल होकर देर रात करीब 2 बजे वह बगाही भट्ठा निवासी रवि साहू की फार्च्यूनर से लौट रही थी। सिर में आई थी गंभीर चोटें कार साकेत नगर स्थित एक्सिस हांडा शोरूम के पास पहुंची ही थी, तभी रांग साइड से आ रहे ईंट लदे ट्रैक्टर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई थी। घटना के समय कनक वर्मा कार चला रहा था। हादसे में कनक वर्मा को मामूली चोटें आईं, जबकि अंतरा सिंह और कशिश के सिर में गंभीर चोट लगी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फार्च्यूनर सवार युवक और दोनों युवतियां नशे की हालत में थीं। पुलिस ने घायलों को तत्काल पीपीएम हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में हैलट रेफर कर दिया गया था। गुरुवार को इलाज के दौरान कशिश की मौत हो गई। थानाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि घटना के वक्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया था। परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।
Source link