Sorting by

×




कानपुर के कैंट थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक मजदूर की बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। मैकूपुरवा मोड़ पर हुई इस घटना में 34 वर्षीय अजय कुमार उर्फ शंभू करीब 8 से 10 मिनट तक खंभे से चिपके रहे। मौके पर मौजूद भीड़ में से एक ई-रिक्शा चालक ने साहस दिखाते हुए उन्हें अंगौछे से खींचकर अलग किया। पुलिस ने अजय को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना शुक्रवार रात लगभग 8:30 बजे की है। मृतक अजय कुमार लालबंगला स्थित कालीबाड़ी के पास रहते थे और एक गैस कंपनी में मजदूरी करते थे। शुक्रवार शाम को वे कैंट के लालकुर्ती में अपनी पत्नी शशि और बेटी परी से मिलने गए थे। परिजनों ने बताया कि पत्नी ने उन्हें मवेशियों के लिए चारा लाने को कहा था। चारा लेने जाते समय मैकूपुरवा मोड़ पर वे हादसे का शिकार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अजय जैसे ही बिजली के खंभे के पास पहुंचे, वे करंट की चपेट में आ गए और उनका शरीर खंभे से चिपक गया। वे मदद के लिए लगातार चिल्लाते रहे। करीब 8 से 10 मिनट तक वे खंभे से चिपके रहे। इसी दौरान एक ई-रिक्शा चालक ने हिम्मत दिखाते हुए अपने अंगौछे से उन्हें खींचकर खंभे से अलग किया और तुरंत 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी सुनील कुमार और राहुल कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने गंभीर रूप से घायल अजय को ई-रिक्शे से निजी अस्पताल पहुंचाया। पुलिसकर्मियों ने हूटर बजाकर रास्ता साफ कराया और लगभग 10 मिनट के रास्ते को 5 मिनट में तय कर अस्पताल पहुंचे। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद अजय को मृत घोषित कर दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *