Sorting by

×




फतेहपुर में शिक्षिका शालिनी यादव की हत्या के मामले में गिरफ्तार सहायक अध्यापक पति दिलीप कुमार यादव चार दिन बाद भी पुलिस के सामने हत्या का राज नहीं खोल पाया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दिलीप के बयानों में विरोधाभास सामने आया है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसके बताए रास्ते और फुटेज में अंतर मिला। पुलिस अब इसी को आधार बनाकर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। सदर कोतवाली क्षेत्र के नासिरपीर मोहल्ले में शनिवार सुबह 29 वर्षीय शिक्षिका शालिनी यादव की हत्या का मामला सामने आया था। आरोप है कि पति दिलीप ने अपने दो भाइयों संदीप यादव और भूपेंद्र यादव के साथ मिलकर धारदार हथियार से हमला किया और बाद में शव को पानी से भरे टब में डाल दिया। मृतका के पिता धर्मराज यादव की तहरीर पर पति समेत तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। दिलीप गिरफ्तार है, जबकि उसके दोनों भाई फरार हैं। पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार की तलाश भी कर रही है। पति के बयान और CCTV में अंतर, भाइयों की तलाश में दबिश पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के मुताबिक, दिलीप ने पूछताछ में बताया था कि वह घटना वाले दिन सुबह करीब 5:30 बजे घर से टहलने के लिए निकला था और करीब 6:30 बजे वापस लौटा। घर पहुंचने पर उसने पत्नी को पानी से भरे टब में आधे मुंह गिरा हुआ देखने की बात कही थी। पुलिस ने जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो दिलीप के बताए रास्ते पर उसके जाने के प्रमाण नहीं मिले। फुटेज और उसके बयानों में अंतर सामने आने के बाद पुलिस को उसके घटनाक्रम को लेकर शक और गहरा हुआ है। कोतवाली प्रभारी हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी के अलग-अलग बयानों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दिलीप को मुख्य आरोपी माना जा रहा है। पुलिस ने फरार संदीप यादव और भूपेंद्र यादव की गिरफ्तारी के लिए मंगलवार को कई स्थानों पर दबिश दी। पुलिस टीम असोथर थाना क्षेत्र के अंदीपुर स्थित आरोपियों के पैतृक गांव भी पहुंची और वहां पड़ोसियों से पूछताछ की। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना के बाद दोनों भाई कहां गए और किन लोगों के संपर्क में हैं। पोस्टमार्टम में 7 घाव, पानी में डूबने से मौत की पुष्टि शालिनी के पोस्टमार्टम में शरीर पर कुल सात चोट के निशान मिले हैं। इनमें सिर के पीछे आसपास तीन गहरे घाव बताए गए हैं। इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह पानी में डूबना बताई गई है। पुलिस अब इस आशंका को भी जांच का हिस्सा बना रही है कि पहले शालिनी पर धारदार हथियार से हमला किया गया और इसके बाद उसे पानी से भरे टब में डाल दिया गया। पुलिस हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की तलाश कर रही है, लेकिन चार दिन बाद भी आला कत्ल बरामद नहीं हुआ है। जांच में यह भी सामने आया है कि दिलीप ने घटना के बाद वारदात को अलग रूप देने का प्रयास किया हो सकता है। हालांकि, हत्या की पूरी परिस्थितियां और इसमें अन्य आरोपियों की भूमिका पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। मां बोली- बेटी दिलीप से प्यार करती थी, उसी ने कर दी हत्या शालिनी की मां फूलमती ने बताया कि शालिनी और दिलीप एक-दूसरे को पहले से जानते थे। जब शालिनी कॉलेज जाती थी, उस दौरान दिलीप शहर में रहकर पढ़ाई करता था। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी। बाद में जब शालिनी की शादी कहीं और तय होने लगी तो उसने अपने पिता धर्मराज को दिलीप से प्रेम संबंध की बात बताई और उसी से शादी करने की इच्छा जताई। फूलमती के अनुसार, बेटी की इच्छा पर धर्मराज ने दिलीप के घर जाकर रिश्ता तय किया था। इसके बाद 3 दिसंबर 2017 को जयराम नगर के एक गेस्ट हाउस में दोनों की शादी हुई। शादी के बाद दोनों का एक बेटा दर्शित हुआ। शालिनी एक निजी स्कूल में पढ़ाती थीं, जबकि दिलीप बहुआ ब्लॉक के चक अलीपुर गांव में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात था। मां का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से शालिनी काफी परेशान थी। वह दिलीप को बहुत चाहती थी और जब भी मायके आती थी तो खाना खाने के बाद जल्दी ससुराल लौट जाती थी। फूलमती ने आरोप लगाया कि जिस बेटी की पसंद पर उसकी शादी कराई गई, उसी की उसके पति और दोनों भाइयों ने हत्या कर दी। उन्होंने तीनों आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। भाई बोला- घटना से पहले घर में सांप निकलने की बात कही थी मृतका के छोटे भाई अभिषेक ने बताया कि घटना से एक दिन पहले शुक्रवार को उसकी बहन ने फोन कर कहा था कि घर पर कोई नहीं है, इसलिए वह वहां चला जाए, क्योंकि घर में सांप निकल आया है। अभिषेक के मुताबिक, जब वह बहन के घर पहुंचा तो दिलीप बाइक से कहीं जा रहा था। उसने अभिषेक से कोई बातचीत नहीं की। अभिषेक ने बताया कि उसने घर के कोने-कोने में सांप की तलाश की, लेकिन कहीं सांप नहीं मिला। बाद में रात में पता चला कि दिलीप ने 112 पर फोन कर घर में सांप निकलने की सूचना दी थी। अभिषेक का कहना है कि पुलिस को भी वहां सांप नहीं मिला। परिवार अब इस पूरे घटनाक्रम को हत्या की साजिश से जोड़कर देख रहा है। दिलीप के परिवार और नौकरी से जुड़ी जानकारी के अनुसार, वह पहले पोस्टमास्टर था। उसे पिता की जगह मृतक आश्रित कोटे में नौकरी मिली थी। बाद में वर्ष 2019 में वह सरकारी सहायक अध्यापक बन गया। उसका भाई संदीप असोथर बीआरसी में तैनात बताया जा रहा है, जबकि दूसरा भाई भूपेंद्र कौशाम्बी जिले के सिराथू में शिक्षक है। मृतका के पिता धर्मराज ने पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक से मुलाकात कर फरार दोनों भाइयों की गिरफ्तारी और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं और सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल समेत अन्य साक्ष्यों की मदद से घटना की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। पुलिस के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की पूरी वजह और सभी आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *