Sorting by

×




कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र में सर्पदंश से एक किशोर की मौत हो गई। कसमड़ा गांव में अपने घर में सो रहे 15 वर्षीय बॉबी को सांप ने डस लिया, जिसके बाद उसकी जान चली गई। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। जानकारी के अनुसार, कसमड़ा गांव निवासी 15 वर्षीय बॉबी, पुत्र अब्दुल हमीद, रविवार रात अपने घर में सो रहा था। सोमवार तड़के करीब तीन बजे एक विषैले सांप ने उसके सिर पर डस लिया। सर्पदंश के बाद किशोर की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसूलाबाद लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बॉबी को मृत घोषित कर दिया।
सीएचसी के चिकित्सक डॉ. शैलेंद्र ने बताया कि किशोर को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था। नियमानुसार चिकित्सकों ने शव का पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी, लेकिन परिजनों ने इससे इनकार कर दिया और शव को अपने साथ घर ले गए। घटना की सूचना मिलने पर तहसील प्रशासन सक्रिय हुआ। तहसीलदार संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई पूरी की। लेखपाल ने बताया कि मृतक के परिजनों ने लिखित प्रार्थना पत्र देकर पोस्टमार्टम न कराने की इच्छा जताई है। इसके साथ ही, परिजनों ने सर्पदंश से मिलने वाली सरकारी आर्थिक सहायता का लाभ लेने से भी लिखित रूप से इनकार कर दिया। प्रशासन ने मामले में सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। बरसात के मौसम में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ने के कारण लोगों से सतर्क रहने और ऐसी स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचने की अपील की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *