![]()
जौनपुर के जफराबाद थाना क्षेत्र के धनेजा गांव में चार वर्षीय बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के मामले में सोमवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी और घटना को ‘हैवानियत’ बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में अजय राय ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का भय समाप्त हो गया है, जिसके कारण महिलाएं और नाबालिग बच्चियां भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध, चोरी, डकैती और दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही हैं। राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर भी सरकार पर हमला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए अयोध्या में राम मंदिर के चंदे और चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितताओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के संरक्षण में हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ हुआ है। उन्होंने इस संबंध में कुछ व्यक्तियों के नाम लेते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। 2027 और 2029 को लेकर किया दावा अजय राय ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनाएगी और 2029 के लोकसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने भाजपा नेतृत्व पर भी राजनीतिक टिप्पणी की। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह, शहर अध्यक्ष आरिफ खान, संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सोनकर समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link