Sorting by

×




सुल्तानपुर में पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के यौम-ए-पैदाइश (ईद-मिलादुन्नबी) के अवसर पर बुधवार को जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। सुबह की नमाज के बाद चौक जामा मस्जिद से शुरू हुआ यह जुलूस लगभग चार किलोमीटर का सफर तय कर खैराबाद स्थित जमाल गेट पर समाप्त हुआ। लगभग 5 घंटे में यह सफर तय हुआ। जुलूस चौक जामा मस्जिद से निकलकर जीएन रोड, डाकखाना चौराहा, पलटन बाजार, राहुल चौराहा, बाधमंडी चौराहा, अन्नू चौराहा, खैराबाद और दरियापुर होते हुए जमाल गेट पहुंचा। यहां सलाम पढ़कर जुलूस का समापन किया गया। इस दौरान जुलूस में ‘सरकार की आमद मरहबा’ के नारे लगाए गए। जगह-जगह आतिशबाजी की गई और नात शरीफ पढ़ी गईं। शहर जामा मस्जिद के इमाम व काज़ी-ए-शहर मौलाना अब्दुल लतीफ ने इस अवसर पर अवाम को अपना संदेश दिया। मार्ग में कई स्थानों पर फातेहा का भी प्रबंध किया गया था। शहर जामा मस्जिद के इमाम मौलाना अब्दुल लतीफ ने अपने बयान में कहा कि नबी-ए-करीम के जन्म की खुशी में सुबह जुलूस निकाला जाता है, जिसमें नात शरीफ पढ़ी जाती हैं और नारे बुलंद किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि इस मौके पर मुसलमान यह संकल्प लेते हैं कि वे अपनी जिंदगी में पैगंबर साहब की सुन्नतों पर अमल करेंगे। मौलाना अब्दुल लतीफ ने लोगों से अपील की कि सभी शरीयत के नियमों का पालन करें, सुन्नतों को अपनाएं, गलत कामों से बचें और आपस में भाईचारे व मोहब्बत के साथ जीवन व्यतीत करें। उन्होंने दुआ की कि अल्लाह ताला सभी अवाम को मिलाद-ए-मुस्तफा की बरकतों से मालामाल फरमाए।
सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर कोतवाली पुलिस के जवान हर चौराहे पर मौजूद रहे। जुलूस में जिला सुरक्षा संगठन के हाजी इलियास, अधिवक्ता मोहर्रम अली, कामरान जफर, मेराज और जावेद अहमद सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *