![]()
संभल में शादी के 8 महीने बाद एक विवाहिता अपने घर में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पति सहित पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हत्या का मामला दर्ज किया है। यह एफआईआर 10 जुलाई की शाम 7 बजे दर्ज की गई। यह घटना संभल जनपद की चंदौसी तहसील के बहजोई थाना क्षेत्र के चाटन गांव की है। मृतका की पहचान 20 वर्षीय राजकली पत्नी रवि कुमार के रूप में हुई है। राजकली की शादी गुन्नौर तहसील के धनारी थाना क्षेत्र के लहरा भूड़ निवासी नेका सिंह की बेटी के रूप में 22 नवंबर 2025 को रवि कुमार से हुई थी। थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने शनिवार को बताया कि मृतका के भाई राजेश कुमार की शिकायत पर पति रवि (पुत्र ओमकार), जेठ जसपाल, कुलदीप, जेठानी सरोज (पत्नी कुलदीप) और जसबती उर्फ जस्सो (पत्नी जसपाल) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 82(2), 85 और दहेज अधिनियम 1961 की धारा 3 एवं 4 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। इंस्पेक्टर ने बताया कि महिला का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, सभी आरोपी फरार हैं। मायके पक्ष को बुधवार रात 12 बजे राजकली की तबीयत खराब होने की सूचना दी गई थी। हालांकि, मृतका के ताऊ ने इस सूचना से लगभग एक घंटे पहले ही फोन पर अपनी भतीजी से बात की थी और उसे घर लाने की बात कही थी। राजकली की मौत बीते गुरुवार की रात 10 बजे हुई थी। राजेश कुमार ने आरोप लगाया है कि उन्हें सीधे तौर पर बहन की मौत की जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने बताया कि जब उन्हें कॉल आई, तब वे सोनीपत में थे। उन्हें पहले बहजोई के अस्पताल में तबीयत खराब होने की जानकारी दी गई, और बाद में संभल के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिली। अस्पताल पहुंचने पर उन्होंने बहन के गले पर दाग देखे। राजेश कुमार के अनुसार, ससुराल वाले चुन्नी से फांसी लगाने की बात कह रहे थे, लेकिन उन्हें यह रस्सी से फांसी लगाए जाने जैसा लगा।
Source link