Sorting by

×




शामली के बाबरी थाना क्षेत्र के भदौड़ा गांव में एक युवक का मुस्लिम युवती से निकाह कराए जाने के बाद विवाद हो गया है। युवक करीब डेढ़ महीने से गांव में रह रहा था। दावा है कि 2 जुलाई को मुस्लिम रीति-रिवाज से यह निकाह हुआ है। ग्रामीणों ने युवक के धर्म परिवर्तन की आशंका जताई है और मामले की जांच की मांग की है। इस घटना के बाद गांव में अलग-अलग तरह की बातें हो रही हैं। पुलिस ने अभी धर्म परिवर्तन की पुष्टि नहीं की है। पुलिस युवक की असली पहचान, उसके परिवार और निकाह से जुड़े कागजात व अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। करीब साढ़े तीन साल पहले भदौड़ा निवासी गुलजार अंबाला में रेलवे ठेकेदार के यहां सुपरवाइजर का काम करता था। उस समय उसे रेलवे ट्रैक के पास एक घायल युवक मिला। युवक के सिर और पैर में चोट लगी थी। वह अपना नाम-पता भी ठीक से नहीं बता पा रहा था। आसपास के लोगों ने बताया कि वह मानसिक रूप से कमजोर लग रहा था। गुलजार उसे अपने कमरे पर ले गया और करीब एक महीने तक उसका इलाज कराया। गुलजार के मुताबिक, इलाज के बाद युवक की हालत में सुधार हुआ। उसके हाथ पर ‘ओम’ का निशान देखकर गुलजार ने उसका नाम प्रदीप रख दिया। गुलजार ने बताया कि उसने अंबाला में रेलवे पुलिस बल के अधिकारियों से भी बात की थी, लेकिन युवक के परिवार का पता नहीं चल पाया। इसके बाद युवक गुलजार के साथ ही रहने लगा। बाद में गुलजार को छत्तीसगढ़ में नौकरी मिल गई। वह युवक को भदौड़ा में अपने परिवार के पास छोड़ गया। गुलजार के अनुसार, युवक लंबे समय से उसके परिवार के संपर्क में था और उनके बीच काफी अपनापन हो गया था। 2 जुलाई को हुआ निकाह, 7-8 दिन बाद युवती चली गई गुलजार का दावा है कि उसने युवक का भविष्य देखते हुए उसके विवाह की बात शुरू की। इसी दौरान हजरत निजामुद्दीन निवासी शमीमा से संपर्क हुआ। शमीमा ने अपनी बेटी लाडो का विवाह हिंदू या मुस्लिम युवक से करने पर सहमति जताई। इसके बाद 2 जुलाई 2026 को मुस्लिम रीति-रिवाज से युवक का निकाह होने की बात सामने आई। निकाह के बाद युवती करीब सात-आठ दिन भदौड़ा में रही और फिर अपनी मां के पास हजरत निजामुद्दीन चली गई। इसके बाद ग्रामीणों को मामले की जानकारी हुई और धर्म परिवर्तन की आशंका को लेकर सवाल उठने लगे। ‘धर्म के लिए नहीं, इंसानियत के नाते की मदद’ गुलजार का कहना है कि उसने युवक की मदद इंसानियत के नाते की थी। उसका उद्देश्य उसे बसाना था। उसने कहा कि वह गांव में मकान बनवाकर युवक को व्यवस्थित करने और आगे हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कराने की भी सोच रहा था। पुलिस की जांच पर टिकी निगाहें: थाना प्रभारी एवं जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि अभी किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। युवक की पहचान, परिजनों, निकाह और धर्म परिवर्तन से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *