![]()
कानपुर के बिल्हौर में धामनी निवादा, उत्तरीपुरा स्थित चंद्रावती गैंडन लाल पब्लिक इंटर कॉलेज में शिक्षक दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने-अपने कक्षाओं में शिक्षकों के सम्मान में कई गतिविधियां आयोजित कीं और उनके प्रति आभार व्यक्त किया। पूरे विद्यालय में दिनभर गुरु-शिष्य के बीच स्नेह और सम्मान का वातावरण बना रहा। विद्यालय की प्रधानाचार्य सौम्या कटियार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक और विद्यार्थी का संबंध केवल अध्ययन तक सीमित नहीं है। शिक्षक विद्यार्थियों की क्षमताओं को पहचानकर उन्हें सही दिशा देने तथा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे शिक्षकों के मार्गदर्शन को अपने जीवन में अपनाएं और हमेशा उनका सम्मान करें। विद्यालय के निदेशक सौरभ कटियार ने शिक्षक दिवस पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि शिक्षकों का विद्यार्थियों के जीवन में दिशा प्रदान करने में अहम योगदान होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी दिनचर्या में नियमित अध्ययन, अनुशासन और मेहनत को शामिल करने के लिए कहा। इस अवसर पर शिक्षिका महक मिश्रा ने विद्यार्थियों को पढ़ाई को सरल और प्रभावी बनाने के कई उपाय साझा किए। उन्होंने बताया कि किसी भी विषय को बेहतर तरीके से याद रखने के लिए नियमित रूप से रिवीजन करना और लिखकर अभ्यास करना आवश्यक है। प्रश्न के उत्तरों को याद करने के लिए पहले प्रश्न का सही अर्थ समझने, उत्तर को छोटे हिस्सों में बांटकर पुनरावृत्ति करने और फिर बिना देखे लिखने का अभ्यास करने की सलाह दी। शिक्षिका ने विद्यार्थियों से कहा कि पढ़ाई को एक भार के रूप में न देखें, बल्कि इसे रुचि के साथ अपनाएं। उन्होंने बताया कि रोजाना थोड़ा-सा अध्ययन और नियमित अभ्यास करने से न केवल परीक्षाओं की तैयारी बेहतर होती है, बल्कि यह भविष्य के लिए भी फायदेमंद साबित होता है। विद्यालय के अन्य शिक्षकों ने भी अपने-अपने कक्षाओं में शिक्षक दिवस का आयोजन किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया और उनका आशीर्वाद लिया।
Source link