![]()
लखनऊ में सुबह से मौसम साफ बना हुआ है। तेज चटक धूप निकली है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिन में बादल छाए रहने के साथ में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। वहीं, बुधवार को लखनऊ में 0.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यह सामान्य बरसात 10 मिलीमीटर से 97 फीसदी कम है। अभी तक मानसून में कुल बरसात 176.4 मिलीमीटर हुई है, लेकिन सामान्य बारिश का औसत 304.4 मिलीमीटर है। यह सामान्य से 42 फीसदी कम है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास बना रहेगा। बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री रहा है। यह सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री रहा। यह सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक रहा है। अधिकतम आर्द्रता 85 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 64 फीसदी रही। दिन में तेज धूप का सिलसिला बना रहा। इसके कारण उमस भरी गर्मी में लोग परेशान होते रहे। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अब मानसून की सक्रियता थम गई है। अगस्त की शुरुआत से एक बार फिर मानसून रफ्तार पकड़ेगा और तेज बारिश का दौर शुरू होगा।बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव वाला क्षेत्र (डिप्रेशन) अब मध्य भारत (छत्तीसगढ़ और ओडिशा) की तरफ बढ़ गया है। इसके कारण मानसून का मुख्य असर मध्य भारत की ओर शिफ्ट हो गया है। इस बीच तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे भले ही बारिश कम हो, लेकिन तापमान में बढ़ोतरी नहीं होगी और उमस से राहत बनी रहेगी। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मध्य भारत में बना यह सिस्टम जल्द ही कमजोर पड़ जाएगा। इसके बाद मानसून की ट्रफ लाइन तेजी से उत्तर भारत यानी उत्तर प्रदेश की तरफ खिसकेगी। साथ ही बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी हवाएं फिर से मजबूत होंगी। इसके असर से अगस्त के पहले हफ्ते से ही लखनऊ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा।
Source link