![]()
पीलीभीत टाइगर रिजर्व से सटे इलाकों में वन्यजीवों के आबादी में आने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया। जिसमें राइस किसी राइस मिल की बाउंड्री वॉल (दीवार) पर तेंदुआ बैठा हुआ दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो पूरनपुर तहसील क्षेत्र के एक राइस मिल का है। सूत्रों के अनुसार, यह घटना 27 जुलाई की बताई जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके के ग्रामीणों और राइस मिल के आसपास रहने वाले लोगों में चिंता बढ़ गई है। हालांकि, इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। पीलीभीत में खुले जंगल के कारण वन्यजीव अक्सर मानव बस्तियों की ओर आ जाते हैं। इससे पहले अटकोना गाँव में भी एक बाघिन पूरी रात एक घर की दीवार पर बैठी देखी गई थी, जिसका वीडियो भी काफी प्रसारित हुआ था। इस घटना के संज्ञान में आते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। सामाजिक वानिकी विभाग के डीएफओ भरत कुमार ने बताया कि राइस मिल की दीवार पर तेंदुए के बैठने का वीडियो उनके पास आया है। उन्होंने कहा, “वायरल वीडियो की सत्यता और स्थान की पड़ताल की जा रही है। साथ ही, तेंदुए की गतिविधि का पता लगाने के लिए वनकर्मियों की टीम को क्षेत्र में तैनात कर दिया गया है।”
Source link