Sorting by

×




मैनपुरी के नगला पोहपी गांव में शुक्रवार दोपहर एक विवाहिता का शव घर के आंगन में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और ससुराल वालों पर दहेज में कार न मिलने के कारण हत्या का आरोप लगाया। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका की पहचान रजनी के रूप में हुई है। वह एटा जनपद के अलीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गलरपुर की निवासी थी। उसकी शादी नगला पोहपी के एक परिवार में हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज में कार की मांग को लेकर रजनी को प्रताड़ित कर रहे थे। मायके पक्ष के अनुसार, शुक्रवार को पड़ोसियों से उन्हें रजनी की मौत की सूचना मिली। जब परिजन ससुराल पहुंचे, तो रजनी का शव घर के आंगन में पड़ा था। परिजनों ने बताया कि उसकी चूड़ियां टूटी हुई थीं और शरीर पर चोटों के निशान भी थे। मायके पक्ष ने ससुर, सास, ननद, चचिया ससुर और ननदोई समेत अन्य ससुरालियों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मायके पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर का सामान और जानवर लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने विवाहिता की मौत का वास्तविक कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इंस्पेक्टर फतेह बहादुर भदौरिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा। तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *