![]()
मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के लिए गंगाजल लेने जा रहे दो बाइक सवार हादसे का शिकार हो गए। लहरा एमनीपुर गांव के पास रास्ते में दो मोटरसाइकिलों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी बेवर पहुंचाया। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के लहरा एमनीपुर निवासी 35 वर्षीय राहुल कुमार पुत्र सहवीर सिंह अपने मित्र मोहित यादव पुत्र महराम सिंह यादव और अन्य साथियों के साथ फर्रुखाबाद स्थित पांचाल घाट से गंगाजल लेने जा रहे थे। सभी लोग कांवड़ यात्रा के लिए गंगाजल लेने निकले थे। इसी दौरान रास्ते में राहुल और मोहित की बाइकें आपस में टकरा गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद दोनों मोटरसाइकिलें असंतुलित होकर सड़क पर फिसल गईं। हादसे में राहुल कुमार और मोहित यादव घायल हो गए। दुर्घटना होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घायलों की मदद की। लोगों ने दोनों को सड़क से उठाकर उपचार के लिए सीएचसी बेवर पहुंचाया। सीएचसी में चिकित्सकों ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। उपचार के दौरान मोहित यादव की हालत गंभीर बताई गई, जिसके चलते चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं राहुल कुमार का भी उपचार किया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। कांवड़ यात्रा को लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु फर्रुखाबाद के पांचाल घाट समेत अलग-अलग गंगाघाटों से गंगाजल लेने के लिए आवागमन कर रहे हैं। ऐसे में सड़कों पर कांवड़ यात्रियों और वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। हालांकि पुलिस प्रशासन की तरफ से भी यातायात डायवर्ट किया गया है ताकि कोई भी सड़क हादसा ना हो सके और लगातार पुलिस प्रशासन सड़कों पर उतरकर निगरानी भी कर रहा है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने भी मामले की जानकारी जुटाई। फिलहाल दोनों बाइकों की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
Source link