![]()
गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा और आगामी शिवरात्रि पर्व की तैयारियों के मद्देनजर पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ ने रविवार को दूधेश्वरनाथ मंदिर परिसर और कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस आयुक्त ने कांवड़ियों और श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत भी किया। निरीक्षण के दौरान डीसीपी सिटी धवल जायसवाल, एसीपी उपासना पाण्डेय और एसीपी जियाउद्दीन अहमद सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंदिर परिसर, आसपास के क्षेत्रों और कांवड़ मार्ग पर स्थापित सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। पुलिस आयुक्त ने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और उनके संचालन व निगरानी की जानकारी ली। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मंदिर परिसर, कांवड़ मार्ग और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखने को कहा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। आगामी दूसरे सोमवार और शिवरात्रि पर्व के चलते मंदिरों में श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि की संभावना है। इसे देखते हुए, पुलिस आयुक्त ने मंदिर परिसर और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सुचारु यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक प्रबंध पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के लिए भी निर्देशित किया। पुलिसकर्मियों को सेवा, सहयोग और सद्भावना के साथ अपनी ड्यूटी निभाने को कहा गया। पुलिस आयुक्त ने जोर देकर कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
Source link