Sorting by

×




फर्रुखाबाद में मुनीम से 30 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना का मास्टरमाइंड कार चालक ही निकला। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 24 लाख रुपये बरामद किए हैं। एसपी आरती सिंह ने खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। यह घटना मंगलवार दोपहर इटावा-बरेली हाईवे पर मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र स्थित खाटू श्याम मंदिर के पास हुई थी। फिरोजाबाद की जीएबी स्टील प्राइवेट लिमिटेड नौसारा में कार्यरत मुनीम संदीप गौतम से बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचा लगाकर 30 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया था। मुनीम मूल रूप से मथुरा के वृंदावन के निवासी हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि लूट की पूरी साजिश कार चालक शिव कुमार ने रची थी। शिव कुमार मैनपुरी के घिरोर थाना क्षेत्र के गांव कल्होर का रहने वाला है। उसने कार खराब होने का बहाना बनाकर गाड़ी रोकी थी, जिसके बाद उसके साथी बदमाशों ने लूट को अंजाम दिया। पुलिस ने चालक शिव कुमार सहित उसके गांव के दो अन्य आरोपियों विशाल उर्फ सीटू और उमेश उर्फ ततैया को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से लूट में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की गई। पुलिस ने शिव कुमार से 9 लाख 75 हजार रुपये, विशाल से 8 लाख 25 हजार रुपये और उमेश से 6 लाख रुपये बरामद किए हैं। कुल 24 लाख रुपये की बरामदगी हुई है। इस मामले में चालक शिव कुमार का भाई कुंवर बहादुर उर्फ सोनू अभी फरार है, जिसके पास 6 लाख रुपये होने की बात सामने आई है। गुरुवार को पुलिस लाइन में आयोजित एक प्रेस वार्ता में एसपी ने इस पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने थाना टीम, एसओजी और सर्विलांस टीम को इस सफल खुलासे के लिए 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *