![]()
झांसी में पिता को खाना खिलाकर बेटे की मौत हो गई। पिता फैक्ट्री में गार्ड की नौकरी करते थे। रविवार दोपहर को जसवंत राजपूत (39) टिफिन लेकर गया। खाना देकर वह पिता के कमरे में जाकर लेट गया। शाम 6 बजे पिता देखने गए तो बेटा बेहोश पड़ा था। आनन फानन में परिजन अस्पताल ले गए। जहां पर डॉक्टरों ने उसके मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को घर ले गए। मौत का कारण जानने के लिए परिजनों ने पुलिस बुला ली। सोमवार दोपहर एक बजे पुलिस पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराने पहुंची। पूरा मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिजौली का है। साबुन फैक्ट्री में काम करता था प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिजौली निवासी हरीश कुमार ने बताया- मेरे पड़ोस में रामनाथ राजपूत रहते हैं। उनका एक बेटा जसवंत है। जसवंत की शादी वबीता से हुई थी। दोनों की 6 साल की बेटी और एक साल का एक बेटा है। जसवंत एक साबुन फैक्ट्री में काम करता था। उसके पिता फर्नीचर की फैक्ट्री में गार्ड हैं। रविवार को जसवंत की छुट्टी थी। वह दोपहर में अपने पिता को खाना देने गया था। टिफिन देकर पिता के कमरे में जाकर लेट गया। शाम 6 बजे पिता कमरे में गए तो जसवंत बेहोश पड़ा था। पिता ने आसपास के लोगों को सूचना दी। परिजन भी पहुंच गए और जसवंत को जिला अस्पताल ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। घर ले जाने के बाद पुलिस बुलाई हरीश ने आगे बताया कि हम लोग जसवंत के शव को घर ले गए। लेकिन मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो रहा था। इसलिए परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने की इच्छा जाहिर की। तब पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आकर शव कब्जे में ले लिया। आज पंचनामा भरकर पुलिस शव का पोस्टमार्टम करा रही है।
Source link