Sorting by

×




कानपुर देहात के रसूलाबाद स्थित गंभीरा ग्राम पंचायत की गौशाला में सोमवार दोपहर एक मृत गोवंश मिला। उसके शव को कुत्ते नोच रहे थे और कौवे भी मंडरा रहे थे। इस घटना ने गौशाला की व्यवस्थाओं और गोवंश के रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा बजट दिए जाने के बावजूद गंभीरा गौशाला में व्यवस्थाएं बदहाल हैं। मौके पर गौशाला का मुख्य गेट बंद मिला, जिसके बाहर केयरटेकर शिव प्रसाद बैठे थे। उन्होंने बताया कि कर्मचारी खाना खाने घर गया है और चाबी भी अपने साथ ले गया है। दूसरे कर्मचारी के स्थान पर ड्यूटी करने आए केयरटेकर रंगलाल ने बताया कि उन्हें गोवंश की मौत की जानकारी थी, लेकिन वह यह नहीं बता सके कि शव कितने समय से पड़ा था। ग्रामीणों का आरोप है कि गौशाला में लगातार गोवंश की मौतें हो रही हैं। उनका कहना है कि पशु चिकित्सक, ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव और ब्लॉक स्तर के अधिकारी नियमित निरीक्षण नहीं करते। ग्रामीणों ने मृत गोवंश के शवों को चोरी-छिपे दफन करने या रात में रजबहा में डालने के भी आरोप लगाए हैं। उन्होंने गौशाला में गंदगी और चारे-पानी की कमी की शिकायत भी की। जिला प्रशासन ने गौशालाओं की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की प्रक्रिया शुरू की थी। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि गंभीरा गौशाला में अब तक कैमरे क्यों नहीं लगाए गए। इस मामले में खंड विकास अधिकारी विपुल विक्रम सिंह ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है और जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। तहसीलदार संतोष कुमार ने बीडीओ से बात कर मौके पर टीम भेजने और जांच के बाद कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *