![]()
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर अमेठी जिले में भारी भीड़ उमड़ी है। सुबह से ही बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है, वहीं बस अड्डों पर भी लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। बड़ी संख्या में बहनें अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए उनके घरों की ओर रवाना हो रही हैं। बाजारों में राखी और मिठाई की दुकानों पर विशेष रौनक है। महिलाएं अपने भाइयों के लिए तरह-तरह की फैंसी और डिजाइनर राखियां खरीद रही हैं। राखी के साथ-साथ मिठाइयों की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ लगी हुई है, जहां लोग त्योहार के लिए मिठाइयां खरीद रहे हैं। अपने गंतव्यों तक पहुंचने के लिए बहनें बड़ी संख्या में रोडवेज बसों का उपयोग कर रही हैं। बस अड्डों पर सुबह से ही यात्रियों की भारी भीड़ है। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रोडवेज विभाग ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है। बढ़ती भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अमेठी पुलिस ने कस्बे में बैरिकेडिंग की है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कस्बे के अंदर चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। पुलिस वाहनों को बाईपास और अन्य वैकल्पिक मार्गों से उनके गंतव्यों की ओर भेज रही है, ताकि जाम की स्थिति न बने। पुलिस प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थानीय पुलिस लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रही है।
Source link