![]()
आगरा में मंगलवार शाम से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने नगर निगम के नाला सफाई अभियान की पोल खोल दी है। VIP रोड सहित 30 से अधिक जगहों पर जलभराव हो गया। घंटों बाद भी पानी की निकासी नहीं हो सकी। वहीं, सीएम ग्रिड योजना के तहत धीमी गति से चल रहे काम और मुसीबत बढ़ा रहे हैं।
आगरा में मंगलवार शाम से मौसम ने अचानक करवट ली। पहले तेज हवाएं शुरू हो गईं, थोड़ी में देर में बूंदाबांदी होने लगी। लगभग 15 मिनट तक बूंदाबांदी हुई। इसके बाद बुधवार सुबह 9 बजे तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। इसकी वजह से VIP रोड कही जाने वाली खेरिया मोड़-अजीत नगर गेट रोड पर 2-2 फीट तक पानी भर गया। यहां से दोपहिया वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया। कई वाहन में फंस भी गए। पहले देखिये VIP रोड की 2 तस्वीरें…
इसके साथ ही अलबतिया रोड, पृथ्वीनाथ फाटक 100 फीट रोड पर बारिश बंद होने के 4 घंटे बाद तक पानी भरा रहा। ऐसे में आवागमन में काफी परेशानी हुई। इसके अलावा मानस नगर, एमजी रोड, रामबाग, आवास विकास सहित कई जगह जलभराव हो गया। हालांकि मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, 1 से 7 जुलाई तक सामान्य से 8% बारिश कम हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, इस समयावधि में सामान्यतौर पर 89.9 एमएम बारिश होनी चाहिए थी, जबकि आगरा में 78.9 एमएम बारिश हुई है।
इधर, सीएम ग्रिड योजना के तहत दिल्ली गेट, कालिंदी विहार, इंद्रापुरम और कोठी मीना बाजार-मारुति एस्टेट रोड पर चल रहे काम लोगों के लिए मुसीबत बन गए हैं। यहां काफी धीमी गति से काम चल रहा है। बारिश की वजह से यहां काफी कीचड़ हो गई है। खोदाई की वजह से सड़क संकरी हो गई है। कई जगह से सड़क धंस भी गई है। ये स्थिति तब है कि जबकि हाल ही में डीएम मनीष बंसल ने सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे कामों की समीक्षा के दौरान संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदारों की कड़ी फटकार लगाई है। इसके बावजूद भी हालातों में कोई सुधार नहीं है। इधर, नगर निगम मई से ही मानसून से पहले सभी नाले साफ करने का दावे कर रहा था लेकिन हल्की सी बारिश ने उसके दावों की पोल खोल दी है। आगरा में कुल 410 नाले हैं, जिनमें से 18 बड़े, 151 मझोले और 141 छोटे नाले हैं। दावा किया गया था कि 15 जून तक सभी नाले साफ कर दिए जाएंगे। अब दावों की पोल खुल गई है।
Source link