Sorting by

×


प्रमोद यादव | प्रयागराज5 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने प्रवक्ता भर्ती-2022 का अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया है। विज्ञापन संख्या-02/2022 के तहत 18 विषयों के लिए कुल 624 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। यह भर्ती प्रक्रिया चार साल बाद पूरी हुई है।

इन पदों के लिए लिखित परीक्षा 09 और 10 मई 2023 को आयोजित की गई थी। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 15 जून से 27 जून 2023 तक हुए थे। लिखित परीक्षा, अभिलेख सत्यापन और साक्षात्कार की पूरी प्रक्रिया के बाद मंगलवार देर शाम अंतिम परिणाम घोषित किया गया।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों की विषयवार और श्रेणीवार सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। जिन 18 विषयों के लिए परिणाम जारी किया गया है, उनमें भौतिकी, जीवविज्ञान, गृह विज्ञान, इतिहास, शिक्षा, अंग्रेजी, कृषि, वाणिज्य, समाजशास्त्र, नागरिक शास्त्र, गणित, अर्थशास्त्र, संस्कृत, मनोविज्ञान, रसायन विज्ञान, भूगोल, हिंदी और कला शामिल हैं। अभ्यर्थी कटऑफ अंक और विस्तृत चयन संबंधी जानकारी वेबसाइट पर देख सकते हैं।

डॉ. कुमार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के युवाओं को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से सरकारी सेवा के अवसर उपलब्ध कराना आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रवक्ता भर्ती-2022 की पूरी प्रक्रिया निष्पक्षता और शुचिता के साथ संपन्न की गई है। अध्यक्ष ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थी अपने अनुक्रमांक और जन्मतिथि का उपयोग करके आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से एक सप्ताह तक अपने प्राप्तांक देख सकते हैं। हालांकि, प्राप्तांकों से संबंधित कोई भी जानकारी सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड नियमावली, 1998 के नियम 12(9) और 12(10) के प्रावधानों के अनुसार, साक्षात्कार पत्र डाउनलोड करते समय भरी गई संस्थाओं की वरीयता के आधार पर संस्था आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र ही पूरी की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *