भैरव दत्त | उमर्दा, कन्नौजकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

ठठिया थाना क्षेत्र के सरसई मौजा के मवइया गांव में शनिवार दोपहर एक डीजल दुकान से दिनदहाड़े चोरी हो गई। अज्ञात चोरों ने दुकान की गुल्लक से 29,400 रुपये नकद और एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन चुरा लिया। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
दुकान मालिक रामदास पुत्र होरी लाल ने ठठिया थाना प्रभारी को लिखित तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि शनिवार दोपहर गर्मी के कारण वह अपनी डीजल दुकान पर ही सो गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मौका पाकर उनके लोअर से गुल्लक की चाबी निकाल ली और गुल्लक में रखे रुपये व फोन चुराकर फरार हो गए।
नींद खुलने पर रामदास ने गुल्लक को खुला पाया। उन्हें चोरी का शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। फुटेज में चोरी की पूरी वारदात कैद मिली, जिसमें एक अज्ञात चोर गुल्लक से रुपये और फोन निकालते हुए स्पष्ट दिख रहा है।
पीड़ित रामदास ने ठठिया थाना पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए थाना प्रभारी संजीव कुमार को लिखित प्रार्थना पत्र दिया है। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
