Sorting by

×


शिरोमणि अकाली दल (SAD) के प्रधान सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में हुए हमले की पंजाब समेत देशभर में निंदा हो रही है। सभी इस घटना की उच्च स्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं। जबकि, सिखों की सर्वोच्च धार्मिक पीठ अकाल तख्त के जत्थेदार ने तो यह भी

.

अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि CBI जांच होनी चाहिए कि इसके पीछे कौन सी ताकतें हैं। सुखबीर बादल पर गुरुघर में दूसरी बार अटैक हो गया है। दो बार जान से मारने की कोशिश की गई है। कुछ लोग पंजाब का माहौल फिर से खराब करना चाहते हैं।

वहीं, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर राजा वड़िंग ने लिखा- सिख संगत में बहबल कलां, बरगाड़ी बेअदबी में पुलिस फायरिंग, बेअदबी के मामलों में देरी से मिले न्याय और कई अन्य अनसुलझे मुद्दों को लेकर वास्तविक गुस्सा है। इन मामलों को संभालने के अकाली दल के तरीके से भी गहरी निराशा है। लेकिन राजनीतिक गुस्सा हिंसा को सही नहीं ठहरा सकता। नांदेड़ साहिब में बादल पर हुआ हमला निंदनीय है। न्याय जवाबदेही और लोकतंत्र के माध्यम से आना चाहिए, हिंसा से नहीं।

जानिए, हमले पर किसने क्या-कहा कहा…

  • अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज: नांदेड़ स्थित गुरुद्वारा में सुखबीर सिंह बादल पर हुआ हमला बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। गुरुद्वारा साहिब एक ऐसा स्थान है, जहां श्रद्धालु पूरे संसार की भलाई की अरदास करने आते हैं। एक सच्चा सिख कभी गुरु घर में माथा टेकने आए किसी व्यक्ति पर हमला नहीं कर सकता। इस प्रकार के कृत्य गुरुद्वारों की पावन मर्यादा को ठेस पहुंचाते हैं और पूरी सिख कौम की छवि को धूमिल करते हैं।
  • पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल: महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुद्वारा साहिब के भीतर सुखबीर सिंह बादल पर हुआ हमला बेहद चौंकाने वाला और चिंताजनक है। गुरुद्वारा साहिब शांति, प्रार्थना और संगी-संगत का पवित्र स्थल है, जहां हिंसा का कोई स्थान या औचित्य नहीं हो सकता। मैं सुखबीर की सुरक्षा और अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना करता हूं और प्रशासन से मांग करता हूं कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। व्यक्तिगत तौर पर उन्हें इस स्थिति से गुजरते देखना दर्दनाक है। इस घड़ी में मैं उनके और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ा हूं।
  • अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया: गुरु साहिब की कृपा से शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पूरी तरह सुरक्षित हैं। इससे पहले 4 दिसंबर को भी बादल पर हमला हुआ था। पंजाब पुलिस की निष्क्रियता और ढिलाई के कारण ही आज नांदेड़ के तख्त श्री हजूर साहब में यह दोबारा हमला हुआ। केंद्र सरकार से हमारी अपील है कि अकाली दल अध्यक्ष पर बार-बार हो रहे इन हमलों की निष्पक्ष CBI जांच कराई जाए और उनकी सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया जाए।
  • कांग्रेस नेता व गुरदासपुर के सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा: गुरु की शरण में आए किसी भी व्यक्ति पर हमला बेहद निंदनीय और गलत है। सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की मैं कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। गुरु घर हमें शांति, सहनशीलता और सभी की भलाई का संदेश देता है, इसलिए ऐसे पवित्र स्थान पर हिंसा की कोई जगह नहीं है। वाहेगुरु से सुखबीर बादल के जल्द स्वस्थ होने और चढ़दी कला की अरदास करता हूं।
  • भाजपा नेता आरपी सिंह: लोकतंत्र में इस तरह की घटना किसी भी तरह स्वीकार्य नहीं है। राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन हिंसा का रास्ता नहीं अपनाया जा सकता। पंजाब पहले ही हिंसा और आतंकवाद का दर्द झेल चुका है। मैं सुखबीर सिंह बादल के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। महाराष्ट्र सरकार से अपील है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

प्रवक्ता कलेर बोले- सुखबीर बादल पूरी तरह स्वस्थ

अकाली दल के प्रवक्ता एडवोकेट अर्शदीप सिंह कलेर ने बताया कि सुखबीर सिंह बादल नांदेड़ में माथा टेकने गए थे। माथा टेकने के बाद जब वह बाहर निकल रहे थे, तभी निहंग के बाणे में एक व्यक्ति ने उन पर हमला करने की कोशिश की। सुखबीर बादल की सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों ने तुरंत उसे रोक लिया। इस दौरान सुखबीर बादल की बाजू पर मामूली चोट आई है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी ड्रेसिंग की जा रही है।

अर्शदीप सिंह ने कहा कि सुखबीर बादल पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनके बारे में अफवाहें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंथक नेताओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है और इसके पीछे कुछ पंथ विरोधी ताकतों की साजिश हो सकती है।

उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले अमृतसर के दरबार साहिब में सेवा करते समय भी सुखबीर बादल पर हमला हुआ था, लेकिन उस समय भी गुरु साहिब ने उनकी रक्षा की थी।

बिट्‌टू बोले- जो लोग इन्हें बढ़ावा दे रहे, वे सोचें

पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्‌टू का कहना है कि सुखबीर सिंह बादल की जान लेने की यह कायरतापूर्ण कोशिश बेहद निंदनीय है और पंजाब की शांति व सुरक्षा के लिए सीधा खतरा है। हमारे पवित्र धर्मस्थलों में हिंसा और डराने-धमकाने की कोई जगह नहीं है। दोषियों को बेनकाब कर उन्हें सजा दी जानी चाहिए, और सुरक्षा में हुई चूक के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

AAP नेता बोले- बेअदबी की घटनाओं का रोष सिखों के मन में कायम

आम आदमी पार्टी (AAP) के सीनियर नेता बलतेज पन्नू ने कहा कि हम इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। किसी पर भी इस तरह का हमला नहीं होना चाहिए और गुरुद्वारा साहिब में तो ऐसी घटना बिल्कुल भी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा- लेकिन साथ ही अकाली दल बादल को एक बात समझने की जरूरत है कि उन्होंने पांच बार पंथ के नाम पर वोट लेकर सरकार बनाई। उनकी पंथक सरकार के दौरान वर्ष 2015 में जगह-जगह श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की घटनाएं हुईं। उस बेअदबी के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से रोष प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पानी की बौछारें की गईं और गोलियां तक चलाई गईं, जिसमें 2 लोगों की जान चली गई। यह रोष आज भी सिखों के मन में उसी तरह कायम है। अकाली दल को इस भावना को समझने की जरूरत है।

अश्वनी शर्मा बोले- हिंसा जायज नहीं

पंजाब भाजपा के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने लिखा कि नांदेड़ में सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की मैं कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। राजनीतिक मतभेद और विचारों में असहमति लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन हिंसा को किसी भी परिस्थिति में जायज नहीं ठहराया जा सकता।

उन्होंने लिखा- सच्चखंड श्री हजूर साहिब की पवित्र धरती पर ऐसी घटना का होना और भी दुखद है। पंजाब पहले ही हिंसा के काले दौर का गहरा संताप झेल चुका है। इसलिए, हमें हर हाल में शांति, भाईचारे और कानून के राज की रक्षा करनी चाहिए। मैं सुखबीर सिंह बादल के अच्छे स्वास्थ्य और चढ़दी कला के लिए अरदास करता हूं। महाराष्ट्र सरकार से अपील है कि इस घटना की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए।

॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰

यह खबर भी पढ़ें…

पंजाब के पूर्व डिप्टी-CM सुखबीर बादल पर गुरुद्वारे में हमला:नांदेड़ में निहंग ने कृपाण मारी; 2024 में भी गोल्डन टेंपल में सुखबीर पर हुई थी फायरिंग

महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुवार को शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हमला हुआ। पुलिस के मुताबिक, गुरुद्वारा माता साहिब कौर में एक निहंग ने उन पर कृपाण से हमला किया। बादल के हाथ में चोट लगी है। पढ़ें पूरी खबर…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *