मनोज कुमार वर्मा | सोनभद्र3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

आज नो न्यूजपेपर डे है, इसलिए रविवार को अखबार आपके घर नहीं पहुंचेगा। ऐसे में सोनभद्र जिले की दिनभर की 5 बड़ी और जरूरी खबरें एक नजर में पढ़िए।
1:- चिता पर हिला महिला का शव..बिना जलाए घर ले आए:दो वैद्यों ने किया नाड़ी चलने का दावा, सोनभद्र में 33 घंटे बाद अंतिम संस्कार
यूपी सोनभद्र में झोलाछाप के चक्कर में मृत महिला को चिता से उठा लिया गया। परिजनों ने रात भर शव को घर में रखा। एमबीबीएस डॉक्टरों के मृत बताने के बाद मौत से करीब 33 घंटे के बाद महिला के शव का अंतिम संस्कार किया गया।
पति ने बताया- पत्नी के शव को चिता पर रखते ही कुछ हलचल दिखी। गांव के दो वैद्यों ने नाड़ी चेक करके कहा- इसका शरीर तो गर्म है। ये अभी जिंदा है। इसीलिए मैं पत्नी को वापस घर ले आया था। पत्नी को घर लाने के बाद दो प्राइवेट और एक सरकारी डॉक्टर को दिखाया। उन्होंने भी मौत की पुष्टि की। महिला को कई दिनों से पीलिया और लीवर में सूजन की शिकायत थी। पढ़ें पूरी खबर…
2:- 151 मीटर लंबे तिरंगे के साथ पदयात्रा निकाली, स्वतंत्रता दिवस पर नागरिकों और स्कूली छात्रों ने लिया हिस्सा

उद्भव सेवा समिति ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लगातार पांचवें वर्ष 15 अगस्त को 151 मीटर लंबे तिरंगे के साथ पदयात्रा निकाली। इस पदयात्रा का शुभारंभ एडीएम वागीश कुमार शुक्ल, सीओ रणधीर मिश्रा और नगर के गणमान्य नागरिकों ने गुब्बारे उड़ाकर किया।
देशभक्ति गीतों के बीच निकली यह यात्रा स्वर्ण जयंती चौक से शुरू हुई। यह सिविल लाइन रोड स्थित महिला थाना और शीतला मंदिर चौक से होते हुए पुनः स्वर्ण जयंती चौक पर समाप्त हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लिया। पदयात्रा में संस्था के सदस्यों के साथ-साथ बौद्ध शिक्षण संस्थान और सनबीम स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने भी भाग लिया। नगर के अलग-अलग क्षेत्रों से भी कई नागरिक इस आयोजन में शामिल हुए। पढ़ें पूरी खबर…
3:- सोनभद्र में स्वतंत्रता दिवस पर ऑफ रोड बाइक सफारी, DM चर्चित गौड़ ने बाइक चलाकर यात्रा को किया रवाना, दिलाई शपथ

सोनभद्र में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘ऑफ रोड बाइक सफारी तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया गया। सोन एडवेंचर द्वारा आयोजित इस यात्रा को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बाइक चलाकर रवाना किया। इस यात्रा का उद्देश्य देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देना था। साथ ही, सोनभद्र की प्राकृतिक सुंदरता, दुर्गम एवं रोमांचक क्षेत्रों तथा एडवेंचर टूरिज्म की अपार संभावनाओं को नई पहचान दिलाना भी इसका लक्ष्य था।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने इस अवसर पर कहा कि सोनभद्र प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध जनपद है। यहां के पहाड़, जंगल, जलप्रपात और प्राकृतिक स्थल एडवेंचर टूरिज्म के लिए व्यापक संभावनाएं समेटे हुए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसी गतिविधियां जनपद के पर्यटन स्थलों को नई पहचान दिलाकर अधिक पर्यटकों को आकर्षित करेंगी। पढ़ें पूरी खबर…
4:- सोनभद्र मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में नहीं हुई तिरंगा लाइटिंग, अधिकारी बोले- सामान और सजावट करने वाले नहीं मिले

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद सोनभद्र में देशभक्ति का उत्साह देखा गया। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत घरों और सरकारी भवनों को रंगीन रोशनी से सजाया गया, लेकिन मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल परिसर में तिरंगा लाइटिंग जैसी सजावट देखने को नहीं मिली।
इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के ब्लॉक-2 के प्रभारी डॉ. अवनीश शाह ने बताया कि सजावट के लिए आदेश देर से प्राप्त हुआ था। इसके अतिरिक्त, तिरंगा लाइटिंग का आवश्यक सामान उपलब्ध नहीं हो सका और सजावट करने वाले कारीगर भी नहीं मिले। उन्होंने यह भी बताया कि बाजार से लाइटिंग का सामान खरीदने का प्रयास किया गया, लेकिन आवश्यक रंगों की लाइटें उपलब्ध नहीं थीं। पढ़ें पूरी खबर…
5:- सोनभद्र में शुरू हुई 13वीं गुप्त काशी दर्शन यात्रा, 751 किमी की यात्रा में 51 देवस्थलों के होंगे दर्शन

सोनभद्र में गुप्तकाशी सेवा ट्रस्ट के संयोजन में सावन मास में 13वीं गुप्त काशी दर्शन यात्रा शुरू हुई। सोन-रेणुका त्रिवेणी संगम स्थित सोमनाथ महादेव के रुद्राभिषेक और पूजन के साथ यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा प्रकृति, सृष्टि, संस्कृत, संस्कार और पंचतत्व पर्यावरण संरक्षण के संदेश को समर्पित है।
गुप्त काशी दर्शन यात्रा पिछले 12 वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है। यात्रा के दौरान भुतेश्वर दरबार, अमर गुफा, मंगलेश्वर नाथ, मत्स्येंद्र नाथ, शिवद्वार, गिरिजाशंकर, गौरी-शंकर, बरैला महादेव, मार्कंडेय तपोवन मारकुंडी और पंचमुखी महादेव समेत विभिन्न प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन किए जाएंगे। पढ़ें पूरी खबर…
