प्रमोद यादव। प्रयागराज3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

प्रयागराज में मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में रविवार से राज्य स्तरीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता शुरू होगी। 23 से 25 अगस्त तक चलने वाली प्रतियोगिता में प्रदेश के 70 जिलों से करीब 1900 बालक और बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। खास बात यह है कि पहली बार राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (नाडा) की निगरानी में होगी।

चार आयु वर्गों में 157 स्पर्धाएं
प्रतियोगिता में अंडर-20, अंडर-18, अंडर-16 और अंडर-14 आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। ट्रैक एंड फील्ड की कुल 157 स्पर्धाएं आयोजित होंगी। प्रदेशभर के उभरते खिलाड़ी इनमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रदेश एथलेटिक एसोसिएशन के अध्यक्ष आशुतोष भल्ला ने बताया कि नाडा की निगरानी का उद्देश्य प्रतियोगिता में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना है। इससे युवा खिलाड़ियों को कम उम्र से ही डोपिंग के नियमों और इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा सकेगा।
देहरादून में होने वाली प्रतियोगिता के लिए होगा चयन
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी शिव कुमार यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी उत्तर प्रदेश की टीम में शामिल होंगे। ये खिलाड़ी 14 से 16 सितंबर 2026 तक देहरादून, उत्तराखंड में होने वाली नॉर्थ जोन एथलेटिक्स प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
खिलाड़ियों के ठहरने, आगमन और प्रतियोगिता के सुचारू संचालन के लिए स्टेडियम में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
