नंद कुमार | एटा11 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

एटा में जिलाधिकारी अरविंद सिंह के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर अज्ञात साइबर ठगों ने फर्जी फेसबुक आईडी बना ली है। इस आईडी के जरिए लोगों से धोखाधड़ी की कोशिश की जा रही है। मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने आमजन, अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए सतर्कता एडवाइजरी जारी की है।
सोमवार शाम 6:45 बजे जिला सूचना कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि साइबर ठग डीएम की पहचान का दुरुपयोग कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। आशंका है कि फर्जी आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा सकती है या मैसेज के जरिए पैसों की मांग कर ठगी का प्रयास किया जा सकता है।
झांसे में न आने की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि डीएम एटा के नाम से किसी फर्जी फेसबुक आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट, संदिग्ध संदेश या पैसे मांगने का मैसेज मिले तो उसके झांसे में न आएं। ऐसे मामलों की सूचना तत्काल निकटतम साइबर थाना, साइबर हेल्पलाइन या स्थानीय पुलिस को दें।
अज्ञात आरोपी पर शुरू हुई कानूनी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने बताया कि फर्जी आईडी बनाने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। लोगों से कहा गया है कि सोशल मीडिया पर किसी भी व्यक्ति की पहचान सत्यापित किए बिना उस पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी को ही सही मानें।
साइबर सुरक्षा को लेकर किया जागरूक
प्रशासन ने नागरिकों से साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है, ताकि साइबर अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
