Responsive Menu
Add more content here...

Sorting by

×




सर मुझे न्याय दिलाइए, मैं बहुत परेशान हूं। पति की तस्वीर दूसरी महिला के साथ देखी तो पूछने पर उसने दूसरी शादी करने की बात कबूल की। यह कहना है समाधान दिवस पर रोते हुए पहुंचीं चकेरी की रहने वाली रूबिया खान का। कानपुर के मर्चेंट चैंबर हॉल में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 147 फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह अध्यक्षता में विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। 11 प्रार्थना पत्र का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को उचित समय में कार्रवाई के निर्देशों के साथ सौंप दिया गया। सबसे ज्यादा शिकायतें राजस्व विभाग की 50 पहुंची हैं। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने साफ कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी दी कि शिकायतों के समाधान में लापरवाही मिलने पर कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं, डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता ने भी सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों की मौके पर जांच कर जल्द से जल्द निस्तारण कराया जाए और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के बाद ही रिपोर्ट लगाई जाए। मलबे के ढेर से परेशान लोग फिर पहुंचे डीएम के पास बेकनगंज के मोहम्मद परवेज आलम ने शिकायत पत्र देकर बताया कि वार्ड-83 में उस्मानिया स्कूल के पीछे स्थित गली में महीनों से मलबे का ढेर लगा है, जिससे लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कत हो रही है। उन्होंने बताया कि जून में भी जिलाधिकारी से शिकायत की थी, लेकिन अब तक समस्या जस की तस बनी हुई है। ‘पति ने दूसरी शादी कर ली, पुलिस ने नहीं की कार्रवाई’ चकेरी की रहने वाली रूबिया खान समाधान दिवस में रोते हुए पहुंचीं। उन्होंने बताया कि उनकी शादी साल 2022 में संभल के रहने वाले मोहम्मद ताजदार आलम से हुई थी। शादी के बाद से ससुराल पक्ष उन्हें प्रताड़ित करता रहा और पति आए दिन मारपीट करता था, जिससे उनका दो बार गर्भपात हो गया। तीसरी बार गर्भवती होने पर वह डर के कारण मायके आ गईं। रूबिया का आरोप है कि हाल ही में उन्होंने पति की तस्वीर दूसरी महिला के साथ देखी, पूछने पर उसने दूसरी शादी करने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल को चकेरी थाने में मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। ‘जमीन खरीदी, मकान बनाया… अब सरकारी भूमि घोषित’ रावतपुर गांव निवासी गोविंद हरि शुक्ला ने शिकायत करते हुए बताया कि उन्होंने मकसूदाबाद में एक प्लॉट खरीदा था और बैंक से लोन लेकर मकान भी बनवा लिया। बाद में पता चला कि दस्तावेजों में हेराफेरी कर उन्हें दूसरी आराजी की जमीन दे दी गई, जिसे अब राजस्व विभाग ने सरकारी भूमि घोषित कर दिया है। उन्होंने बताया कि कई बार अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HIKMAT TIMES NEWS