![]()
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रयागराज दौरा सिर्फ लोकार्पण और भाषण तक सीमित नहीं रहा। प्रेरणा स्थल पर उन्होंने बच्चों के अन्नप्राशन संस्कार में हिस्सा लिया, दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की, दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल सौंपी और स्कूली बच्चों को बैग, किताबें व स्टेशनरी किट देकर उनका उत्साह बढ़ाया।
बच्चों को गोद में उठाकर कराया अन्नप्राशन
मुख्यमंत्री ने बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के स्टॉल पर समृद्धि जायसवाल, वेद और श्रीवंश त्रिपाठी को गोद में उठाकर दुलार किया, माथे पर तिलक लगाया और अपने हाथों से खीर खिलाकर उनका अन्नप्राशन कराया। साथ ही प्रतीक्षा श्रीवास्तव और शिल्पी की गोदभराई की रस्म भी निभाई।
दिव्यांगों और स्कूली बच्चों को बांटी सौगात
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग और भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (आसरा) के सहयोग से छह दिव्यांग लाभार्थियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल वितरित की गई। वहीं स्कूल चलो अभियान के तहत पांच बच्चों को स्कूल बैग, किताबें, स्टेशनरी किट और चॉकलेट दी गई। मुख्यमंत्री ने साइंस लैब के क्यूरियोसिटी कॉर्नर का भी अवलोकन किया और बच्चों से नई शिक्षा नीति के तहत तकनीकी नवाचारों पर बातचीत की।
एकता नौका रेस को दिखाई हरी झंडी
मुख्यमंत्री ने यमुना में आयोजित एकता नौका रेस प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद प्रेरणा स्थल पर स्थापित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और अशोक सिंघल की प्रतिमाओं का अनावरण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
योजनाओं के लाभार्थियों को सौंपी सहायता
मंच से मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र, डेमो चेक, सफाई किट और पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को घर की चाबियां सौंपी। पीएम सूर्यघर योजना के तहत ‘सोलर दीदी’ नियुक्ति पत्र, युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत लाखों रुपये के डेमो चेक और पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को भी सहायता प्रदान की गई।
लेटे हनुमान मंदिर में किया दर्शन-पूजन
कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लेटे हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से दर्शन और पूजन कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। साउंड सिस्टम दे गया दगा
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम की नौ वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाना था। इसमें शहर में हुए विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जाना था। हालांकि ऐन वक्त पर स्क्रीन तो ऑन हुई लेकिन साउंड सिस्टम दगा दे गया। कार्यक्रम संचालिका ने इसे लेकर टोका भी लेकिन इसके बाद अचानक फिल्म बंद हो गई और सीएम अपनी सीट से उठकर डायस पर चले गए।
Source link