प्रदुमन कौशिक | बुलंदशहर5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बुलंदशहर पुलिस ने जून माह में एक विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कुल 176 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 45 लाख रुपये है। इन फोनों को उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया है।
एसपी क्राइम नरेश कुमार ने बताया कि इस अभियान में भारत सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की अहम भूमिका रही। यह पोर्टल गुम या चोरी हुए मोबाइल फोनों को ट्रैक करने और उनके दुरुपयोग को रोकने में सहायक है।




अपर पुलिस महानिदेशक (मेरठ जोन) और पुलिस उपमहानिरीक्षक (मेरठ परिक्षेत्र) के आदेशानुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) दिनेश कुमार सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक अपराध नरेश कुमार के पर्यवेक्षण में CEIR पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की गई।
जनपदीय पुलिस ने अथक प्रयासों से इन मोबाइलों को न केवल स्थानीय स्तर पर, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों और अन्य जनपदों से भी बरामद किया।
अपना खोया हुआ कीमती मोबाइल फोन वापस पाकर मालिकों ने खुशी व्यक्त की। उन्होंने बुलंदशहर पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार जताया।
