![]()
फिरोजाबाद में रजावली पुलिस ने नाबालिगों से जुड़ी आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री के अवैध भंडारण और बिक्री के मामले में रविवार को एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी टेलीग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए प्रतिबंधित सामग्री जमा करता और उसे आगे बेचता था। उसके मोबाइल फोन से कई संदिग्ध डिजिटल साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है। मोबाइल में मिले कई संदिग्ध टेलीग्राम ग्रुप थानाध्यक्ष ब्रज किशोर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान रिंकू (करीब 35 वर्ष) निवासी खेरा लंगर, थाना रजावली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह मोबाइल के जरिए टेलीग्राम और अन्य सोशल मीडिया ऐप्स का इस्तेमाल करता था। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन में कई टेलीग्राम ग्रुप, अकाउंट और अन्य डिजिटल गतिविधियों से जुड़े साक्ष्य मिले हैं। पुलिस ने मोबाइल को कब्जे में लेकर उसकी तकनीकी जांच शुरू कर दी है। पहले गिरफ्तार महिला से पूछताछ में सामने आया था नाम पुलिस के मुताबिक, इसी मामले में पूजा माथुर नाम की महिला को करीब तीन दिन पहले गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। पुलिस की जांच के दौरान रिंकू का नाम सामने आया। जांच में पता चला कि रिंकू नगला बीच क्षेत्र में एक निजी डॉक्टर के यहां काम करता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात नगला बीच निवासी पूजा माथुर से हुई थी। आरोपी ने महिला को सिखाया था तरीका थाना प्रभारी के अनुसार, पूछताछ में रिंकू ने पुलिस को बताया कि उसने पूजा को टेलीग्राम से प्रतिबंधित वीडियो डाउनलोड करने, ग्रुप बनाने और उन्हें बेचकर पैसे कमाने का तरीका बताया था। पुलिस का दावा है कि इसके बाद पूजा भी इस अवैध गतिविधि में शामिल हो गई। महिला की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर रिंकू तक पहुंच बनाई। डिजिटल सुरागों से नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश थाना प्रभारी ब्रज किशोर सिंह ने बताया कि महिला की गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम लगातार इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही थी। सर्विलांस, मोबाइल से मिले डिजिटल साक्ष्यों और पूछताछ में सामने आए सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को दबिश देकर गिरफ्तार किया। अब पुलिस आरोपी के मोबाइल में मिले टेलीग्राम ग्रुप, संपर्कों और अन्य डिजिटल गतिविधियों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
Source link