![]()
नेशनल हाईवे-34 पर खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के बगराई मोड़ के पास शुक्रवार तड़के एक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से कानपुर जा रही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की एक रोडवेज बस आगे चल रहे रोड़ी से लदे डंपर में पीछे से टकरा गई। इस दुर्घटना में एक नौ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह जब बस में सवार अधिकतर यात्री सो रहे थे, तभी बगराई मोड़ के समीप अनियंत्रित रोडवेज बस डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में इटावा के कोतवाली क्षेत्र स्थित सती मोहल्ला निवासी चंदन की 9 वर्षीय पुत्री राधिका की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी अंतरिक्ष जैन, सीओ खुर्जा शोभित कुमार अत्री और एसडीएम सत्येंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर मौजूद थे। पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और 5 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को कैलाश अस्पताल और जटिया अस्पताल में भर्ती कराया। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के तुरंत बाद रोडवेज बस और डंपर दोनों के चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया और दोनों गाड़ियों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस प्रशासन ने फरार चालकों की तलाश शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Source link