![]()
लखनऊ के चिनहट इलाके में चोरों ने हाईकोर्ट के निजी सचिव के बंद मकान को निशाना बनाया। चोर मेन गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे और अलमारी का लॉक तोड़कर एक लाख रुपए नकद और करीब नौ लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। पड़ोसी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई। घर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध चोरों की फुटेज भी कैद हुई है। माधव ग्रींस लोलाई निवासी गौतम कुमार सिन्हा हाईकोर्ट में निजी सचिव हैं। परिवार में पत्नी नीतू और दो बच्चे हैं। गौतम ने बताया पटना में उनका भतीजा यश वर्मा बीमार है और अस्पताल में भर्ती है। इसी वजह से वह 19 अगस्त की तड़के करीब साढ़े तीन बजे पत्नी और बच्चों के साथ ओला बुक कर घर से स्टेशन के लिए निकले थे। 21 अगस्त को पड़ोसी सुभाष की पत्नी ने फोन कर बताया कि उनके मकान का मेन गेट खुला हुआ है। यह सुनकर गौतम को चोरी की आशंका हुई। उन्होंने तुरंत चौकी प्रभारी मनोज कुमार को फोन कर सूचना दी। पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और घर की जांच की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शनिवार सुबह पटना से लौटने पर गौतम ने घर का सामान देखा तो चोरी का पता चला। उन्होंने बताया कि चोरों ने पहले मेन गेट का ताला तोड़ा और घर में दाखिल हुए। इसके बाद रसोईघर की रोशनदान की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे। कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे एक लाख रुपए और करीब नौ लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। पीड़ित ने चिनहट थाने में तहरीर दी है। सीसीटीवी में कैद हुए दो चोर पीड़ित के मुताबिक, घर के सामने पड़ोसी के यहां सीसीटीवी कैमरा लगा है। इसमें दो संदिग्ध चोर दिखाई दे रहे हैं। दोनों ने पहले मेन गेट का ताला तोड़ा और घर में दाखिल हुए। कुछ देर बाद दोनों चोरी का सामान लेकर बाहर निकलते हुए नजर आए। घरेलू काम करने वाली और दूध देने वाले पर जताया संदेह गौतम ने तहरीर में बताया कि उनके घर पर फूलमती नाम की महिला काम करती है, जबकि अर्जुन नाम का व्यक्ति दूध देने आता है। उन्होंने बताया कि 19 अगस्त को घर से निकलते समय ओला चालक भी उनसे कुछ पूछताछ कर रहा था। इन लोगों की गतिविधियों को लेकर पीड़ित ने संदेह जताया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
Source link