Sorting by

×




बदायूं में शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे ई-रिक्शा की चपेट में आने से तीन कांवड़िए घायल हो गए। हादसा बीआरवी विद्यालय के पास हुआ। घटना के बाद गुस्साए कांवड़ियों ने हाईवे जाम कर दिया और कुछ वाहनों में तोड़फोड़ भी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और घायलों को अस्पताल भिजवाया। मामला सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे का है। शाहजहांपुर के खुदागंज थाना क्षेत्र के हसनापुर निवासी दीपू, नितिन और अमन कछला से गंगाजल लेकर बरेली की ओर जा रहे थे। शुक्रवार रात पेट्रोल पंप के पास पहुंचने पर तीनों एक ई-रिक्शा की चपेट में आ गए। हादसे में तीनों घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर लगाया जाम घटना की जानकारी मिलते ही अन्य कांवड़िए मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हाईवे पर एकत्र होकर जाम लगा दिया। इस दौरान यातायात प्रभावित हो गया। आक्रोशित कुछ लोगों ने एक कार समेत अन्य वाहनों में हल्की तोड़फोड़ भी की। सूचना पर सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कांवड़ियों को समझाकर शांत कराया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। चालक को छोड़ने की अफवाह पर फिर लगाया जाम शनिवार सुबह ई-रिक्शा चालक को छोड़ दिए जाने की अफवाह फैलने पर कांवड़ियों ने दोबारा हाईवे जाम कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब 15 मिनट बाद कांवड़िए जाम समाप्त कर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। पुलिस के अनुसार स्थिति अब सामान्य है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *