![]()
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को कछवा नगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। थाना, नगर पंचायत कार्यालय, विकासखंड कार्यालय, विद्युत विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समेत कई सरकारी भवन तिरंगे की रोशनी से जगमगाते रहे। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति रैलियां निकालीं। इसी बीच जमुआ चौराहे पर ध्वजारोहण के दौरान तिरंगे में बंधा फूलों का गुच्छा नहीं खुलने से कुछ देर के लिए लोगों का ध्यान इस ओर चला गया। जमुआ चौराहे स्थित स्वतंत्रता सेनानी स्मारक पर नगर पंचायत अध्यक्ष मिताली जायसवाल, अधिशासी अधिकारी सुयॅनाथ सरोज और नगर पंचायत कर्मचारियों ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देने की तैयारी के बीच तिरंगे में बंधा फूलों का गुच्छा ऊपर पहुंचने के बाद नहीं खुला। इसके बाद नगर पंचायत अध्यक्ष ने खुद रस्सी को कई बार खींचा। कुछ प्रयासों के बाद फूलों का गुच्छा खुला और कार्यक्रम आगे बढ़ सका। डोर को लेकर कर्मचारियों में होने लगी चुटकी ध्वजारोहण के दौरान अध्यक्ष के खुद रस्सी खींचने का दृश्य देखकर मौके पर मौजूद कुछ कर्मचारियों और लोगों के बीच फुसफुसाहट शुरू हो गई। कुछ कर्मचारियों ने मजाकिया अंदाज में कहा कि तिरंगे की डोर भी नगर विकास की फाइलों की तरह उलझ गई है, जिसे खोलने के लिए अध्यक्ष को खुद प्रयास करना पड़ रहा है। हालांकि, यह टिप्पणी आपसी चुटकी और मौके की हल्की-फुल्की चर्चा तक ही सीमित रही। विद्यालयों की रैलियों ने बढ़ाया देशभक्ति का उत्साह स्वामी विवेकानंद एकेडमी, कैंब्रिज कॉलेज, श्री गांधी विद्यालय, आर्य कन्या विद्यालय और कंपोजिट विद्यालय कछवा के छात्र-छात्राओं ने तिरंगा लेकर देशभक्ति रैलियां निकालीं। नगर के विभिन्न हिस्सों में निकली रैलियों से माहौल देशभक्ति से सराबोर रहा। स्वतंत्रता दिवस पर हुए आयोजनों के बीच ध्वजारोहण के दौरान हुई यह छोटी-सी घटना भी स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।
Source link