![]()
प्रयागराज के नवाबगंज थाना क्षेत्र में जमीन के विवाद को लेकर एक ही परिवार के तीन युवक करीब 20 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गए। तीनों युवक पुलिस पर विपक्षियों से मिलीभगत कर विवादित जमीन पर निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए नीचे उतरने से इनकार कर रहे हैं। युवकों के टंकी पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन करीब दो घंटे बाद भी तीनों नीचे नहीं उतरे। इस दौरान वह पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। जगदीशपुर चांदन गांव के रहने वाले
मामला नवाबगंज के जगदीशपुर चांदन गांव का है। यहां रहने वाले पटेल बिरादरी के तीन युवक शनिवार दोपहर करीब एक बजे खोडियार गांव स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए। राहगीरों ने जब युवकों को टंकी के ऊपर देखा तो पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई।
युवकों का आरोप है कि उनकी जमीन पर कुछ लोग अनाधिकृत तरीके से निर्माण करा रहे हैं। उनका कहना है कि उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस ने विपक्षियों के साथ मिलीभगत कर निर्माण का रास्ता साफ कर दिया। इसी से नाराज होकर तीनों युवक पानी की टंकी पर चढ़ गए। थाना प्रभारी की एक नहीं सुनी
मौके पर पहुंचे नवाबगंज थाना प्रभारी पंकज अवस्थी ने युवकों को समझाने और नीचे उतरने के लिए बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन तीनों ने पुलिस से बात करने से साफ इनकार कर दिया। युवकों ने कहा कि वह पुलिस से कोई बातचीत नहीं करेंगे। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया, ताकि जमीन विवाद को लेकर युवकों को समझाया जा सके।
तीन बार हो चुकी है जमीन की नापजोख
उधर, पुलिस का कहना है कि विवादित जमीन को लेकर राजस्व विभाग की ओर से पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है। एसीपी सोरांव श्यामजीत प्रमिला सिंह ने बताया कि जिस जमीन को लेकर विवाद है, उसकी राजस्व विभाग की ओर से तीन बार नापजोख कर रिपोर्ट लगाई जा चुकी है। इसके बावजूद युवक अपनी मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गए हैं।
एसीपी के मुताबिक युवकों से बातचीत कर उन्हें नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा है। राजस्व कर्मचारियों को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि जमीन से जुड़े विवाद को लेकर उन्हें स्थिति समझाई जा सके।
दो घंटे से टंकी पर डटे युवक, मौके पर जुटी भीड़
युवकों के टंकी पर चढ़ने की खबर आसपास के गांवों में फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस लगातार युवकों को समझाने का प्रयास कर रही है। करीब दो घंटे बीतने के बाद भी तीनों युवक टंकी से नीचे उतरने को तैयार नहीं हैं और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी युवकों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में जुटे हैं। साथ ही विवादित जमीन पर निर्माण और राजस्व विभाग की रिपोर्ट को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।
Source link