Sorting by

×




देवरिया जिले के बघौचघाट थाना क्षेत्र के शेखपुरा गांव के पास शुक्रवार दोपहर एक स्कूली वैन में अचानक आग लग गई। इस घटना में वैन चालक बाल-बाल बच गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय वैन में कोई छात्र सवार नहीं था। जानकारी के अनुसार, बघौचघाट थाना क्षेत्र के तुर्कपट्टी में स्थित एक निजी विद्यालय की वैन छात्रों को बसडीला मैनुद्दीन छोड़ने गई थी। छात्रों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के बाद चालक वैन लेकर वापस विद्यालय लौट रहा था। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे जब वैन शेखपुरा गांव के पास पहुंची, तो उसमें अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। चालक ने तुरंत वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई और आसपास के लोगों को घटना की सूचना दी। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक वैन पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। स्थानीय लोगों ने प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि यदि घटना के समय वैन में बच्चे सवार होते, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। बघौचघाट थानाध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने पुष्टि की कि वैन बच्चों को छोड़कर विद्यालय लौट रही थी और इस घटना में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *