![]()
बहराइच में स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने ‘मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 अभियान’ के तहत अनफिट स्कूली वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। गुरुवार को हुई इस कार्रवाई में 16 वाहनों का चालान किया गया और दो वाहनों को सीज कर दिया गया। यह विशेष अभियान 11 अगस्त से 25 अगस्त तक संचालित किया जा रहा है। इसके तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्कूल वाहनों की गहन जांच की जा रही है। अभियान के दौरान डिवाइन ग्रेस इंटर कॉलेज, सेवेन्थ डे इंटर कॉलेज, सेंट नार्बट स्कूल, एम्स स्कूल और ऑल सेंट स्कूल में संचालित स्कूली वाहनों की जांच की गई। इसमें वाहनों की फिटनेस, ड्राइविंग लाइसेंस, संबंधित दस्तावेज, अग्निशमन एवं सुरक्षा उपकरण तथा फर्स्ट एड किट जैसे आवश्यक मानकों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। जांच में कई वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और नियमों का उल्लंघन पाया गया। गंभीर अनियमितताओं के कारण दो वाहनों को सीज किया गया, जबकि 16 स्कूली वाहनों का चालान किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और यह अभियान लगातार जारी रहेगा। यातायात पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों ने वाहन चालकों तथा स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए कि सभी वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित किए जाएं। चालकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने, नियंत्रित गति से वाहन चलाने, सीट बेल्ट का प्रयोग करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की हिदायत दी गई। अधिकारियों ने यह भी कहा कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link