![]()
सीतापुर में वीडियो गेम खेलने के दौरान हुए विवाद में 14 साल के अयान की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई पुलिस ने बुधवार शाम करीब 7 बजे की। मामला कोतवाली नगर क्षेत्र का है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहल्ला सरदार फार्म कमेला दुर्गापुरवा निवासी 30 साल के शोएब और 63 साल के सलीम के रूप में हुई है। पुलिस ने शोएब के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद करने का दावा किया है। 9 अगस्त को वीडियो गेम खेलने के दौरान हुआ था विवाद पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त को वीडियो गेम खेलने के दौरान विवाद हुआ था। इसी दौरान अयान और दानिश पर चाकू से हमला किया गया था। घटना में अयान की मौत हो गई थी। मामले में कोतवाली नगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 227/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। एसपी के निर्देश पर आरोपियों की तलाश तेज घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद एएसपी उत्तरी आलोक सिंह और सीओ सिटी कपूर कुमार के निर्देशन में कोतवाली नगर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पैंट की जेब से मिला चाकू पुलिस के अनुसार, शोएब की तलाशी लेने पर उसकी पैंट की बाईं जेब से सफेद पन्नी में रखा स्टील का चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने चाकू की लंबाई करीब नौ अंगुल बताई है। पूछताछ में शोएब ने इसी चाकू से अयान और दानिश को घायल करने की बात स्वीकार की है। सलीम पर पहले भी दर्ज हो चुका है मुकदमा सीओ सिटी कपूर कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सलीम का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2019 में रेउसा थाने में धारा 279 और 304-ए के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
Source link