Sorting by

×




मथुरा के जैंत क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर सोमवार रात युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। नगला जाटान गांव में आरोपियों ने युवक को निशाना बनाकर तीन गोलियां चलाईं। इनमें दो गोलियां चंद्रपाल को लगीं, जबकि एक निशाना चूक गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना सोमवार रात करीब 8:45 बजे की है। नगला जाटान निवासी विजय सिंह ने तहरीर में बताया कि उनके भाई चंद्रपाल पर गांव के ही अजीत पुत्र विजय सिंह और दो अज्ञात युवकों ने फायरिंग की। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली लगते ही जमीन पर गिर पड़े फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। चंद्रपाल को घायल हालत में देखकर पुलिस को सूचना दी गई। जैंत पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने हालत गंभीर बताई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मंगलवार को विजय सिंह की तहरीर पर अजीत और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई। आरोपियों की तलाश में दबिश सीओ सदर वरुण मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। नामजद आरोपी और उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *