Sorting by

×




मेरठ के औघड़नाथ मंदिर में शिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना लगातार जारी है। मंदिर समिति के मुताबिक, आज करीब 1 लाख श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की उम्मीद है। मंदिर में पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। औघड़नाथ मंदिर में बड़ी संख्या में शिवभक्त और कांवड़िए पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर और आसपास के इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मंदिर के चारों ओर त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है, जिसकी जिम्मेदारी करीब 400 पुलिसकर्मियों को सौंपी गई है। इसमें 2 एडिशनल एसपी, 4 डिप्टी एसपी, 10 एसएचओ, 10 इंस्पेक्टर, 40 सब इंस्पेक्टर, 15 महिला सब इंस्पेक्टर, 155 कांस्टेबल और 74 महिला कांस्टेबल शामिल हैं। इसके अलावा ट्रैफिक व्यवस्था के लिए एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर, 6 टीएसआई और 66 ट्रैफिक कांस्टेबल भी तैनात हैं। सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए एटीएस, एलआईयू, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिसकर्मी भी लगातार मंदिर परिसर और आसपास के रास्तों का निरीक्षण कर रहे हैं। मंदिर में प्रवेश से पहले श्रद्धालुओं की मेटल डिटेक्टर से तलाशी ली जा रही है। जांच के बाद ही उन्हें अंदर प्रवेश दिया जा रहा है। मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव निगरानी के लिए मंदिर के गर्भगृह के ठीक ऊपर प्रथम तल पर कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां एक सब इंस्पेक्टर और दो कांस्टेबल लगातार निगरानी कर रहे हैं। मंदिर में अस्थायी पुलिस चौकी भी बनाई गई है, जहां से सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी की निगरानी की जा रही है। दो सशस्त्र क्यूआरटी और अन्य विशेष पुलिस टीमें भी तैनात हैं। इसके अलावा अस्थायी चेक पोस्ट बनाकर 24 घंटे चेकिंग की जा रही है। यानी शिवरात्रि पर औघड़नाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए सुरक्षा का पूरा घेरा तैयार है। पुलिस, एटीएस, डॉग स्क्वॉड और ड्रोन की निगरानी के बीच श्रद्धालुओं को जांच के बाद ही मंदिर में प्रवेश दिया जा रहा है, ताकि लाखों की भीड़ के बीच व्यवस्था बनी रहे और जलाभिषेक शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *