![]()
ललितपुर में नगर पालिका परिषद क्षेत्र के मोहल्ला रावतयाना, वार्ड नंबर 23 में बारिश के बाद सड़कों पर जलभराव और कीचड़ की समस्या से परेशान लोगों ने सोमवार दोपहर उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रदर्शन किया। मोहल्लेवासियों का कहना है कि क्षेत्र में जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक सड़कों पर जमा रहता है, जिससे लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। कीचड़ और फिसलन के कारण हाल ही में कक्षा 7 की छात्रा उमेरा भी हादसे का शिकार हो गई। छात्रा के मुताबिक, गुरुवार को वह स्कूल जा रही थी, तभी रास्ते में कीचड़ होने के कारण उसका पैर फिसल गया और वह सड़क पर गिर गई, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई और हाथ टूट गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में नालियों की उचित व्यवस्था नहीं होने से बरसात का पानी सड़कों पर ही जमा हो जाता है। लंबे समय तक पानी और गंदगी जमा रहने से जहां आवागमन प्रभावित होता है, वहीं जलजनित बीमारियों का खतरा भी बना रहता है। मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने, नालियों का निर्माण कराने और बदहाल सड़कों की स्थिति सुधारने की मांग की है, ताकि लोगों को बारिश के मौसम में होने वाली परेशानी से राहत मिल सके और भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
Source link