![]()
कासगंज जिलाधिकारी प्रणय सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सोमवार को पुलिस के साथ मिलकर मिलावटी दूध के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने सिरावली ग्राम पंचायत के फाजिलपुर स्थित पप्पू यादव की डेयरी पर छापा मारा। इस दौरान डेयरी परिसर में दो कैनों में खराब और दुर्गंधयुक्त दूध मिला, जिसे प्रथम दृष्टया मिलावटी बताया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से मिश्रित दूध के दो नमूने जांच के लिए लिए और उन्हें राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया। इसके अलावा करीब 100 लीटर मिश्रित दूध, जिसकी अनुमानित कीमत 6,200 रुपये बताई गई, मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आनंद कुमार देव के नेतृत्व में हुई। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमबीर सिंह, उप निरीक्षक किशोर लाल मीणा, आरक्षी लवी और रोहित कुमार शामिल रहे। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि जिले में दूध समेत अन्य खाद्य एवं पेय पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link