![]()
औरैया में सावन के दूसरे सोमवार को शहर से लगभग पांच किलोमीटर दूर बीहड़ों में स्थित प्राचीन देवकली मंदिर में हजारों श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही बड़ी संख्या में महिला और पुरुष भक्त भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और दर्शन के लिए कतारों में खड़े दिखाई दिए। मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। मंदिर परिसर में दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों ने सहयोग किया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर के अंदर और बाहर पुलिस बल मुस्तैदी से तैनात रहा। जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने पहले ही मंदिर का निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। इसके अतिरिक्त, मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों से हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी गई। मंदिर के बाहर मेले का माहौल था। श्रद्धालुओं ने आसपास सजी दुकानों से पूजन सामग्री, प्रसाद और अन्य सामान खरीदा। बच्चों ने झूलों का आनंद लिया।
Source link