Sorting by

×




बाराबंकी में रविवार रात लोधेश्वर महादेवा के दर्शन के लिए निकले तीन युवकों की बाइक फतेहपुर-सूरतगंज मार्ग पर दादनपुर गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को रेफर किए जाने के बाद एंबुलेंस पहुंचने में देरी को लेकर परिजनों ने सीएचसी परिसर में हंगामा किया। दादनपुर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी बाइक फतेहपुर में कस्बे के जोशीटोला निवासी शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी (22), शक्तिमान जोशी (19) और सचिन जोशी (21) रविवार रात बाइक से लोधेश्वर महादेवा के दर्शन के लिए निकले थे। तीनों फतेहपुर-सूरतगंज मार्ग पर दादनपुर चौराहे से आगे पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क पर चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई। टक्कर के बाद तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देखकर आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को सीएचसी फतेहपुर पहुंचाया गया। सीएचसी में चिकित्सकों ने शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी को मृत घोषित कर दिया। वहीं शक्तिमान की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। तीसरे घायल सचिन का भी उपचार जारी है। डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस का परिजन करते रहे इंतजार शक्तिमान को जिला अस्पताल ले जाने के लिए परिजनों और चिकित्सकों ने एंबुलेंस के लिए कई बार संपर्क किया। परिजनों का आरोप है कि रेफर किए जाने के बाद करीब डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस अस्पताल नहीं पहुंची। इस दौरान घायल की हालत लगातार बिगड़ती रही। एंबुलेंस में देरी से नाराज परिजनों और उनके साथ आए लोगों ने सीएचसी परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान गाली-गलौज और आंशिक तोड़फोड़ के आरोप भी सामने आए। मामला बढ़ता देख पुलिस ने अपने वाहन से शक्तिमान को जिला अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही सीएचसी परिसर में चीख-पुकार मच गई। परिजन शवों से लिपटकर रोने लगे। कोतवाल ने घायल सचिन को गोद में उठाया हादसे में घायल तीसरे युवक सचिन की हालत भी गंभीर बताई गई। उसकी स्थिति को देखते हुए मोहम्मदपुर खाला के कोतवाल अमित सिंह भदौरिया ने घायल को अपनी गोद में उठाया और सरकारी वाहन से उपचार के लिए भेजा। पुलिस की इस पहल की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की। सीएचसी में हंगामे की सूचना मिलने पर तहसीलदार वैशाली अहलावत, नायब तहसीलदार विजय प्रकाश और अनु सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और उनके साथ आए लोगों से बातचीत की। समझाने के बाद स्थिति शांत हुई। फरवरी में होनी थी शैलेंद्र की शादी शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उसके पिता दयाशंकर जोशी नगर पंचायत में नामित सभासद हैं। तीन भाइयों में शैलेंद्र दूसरे नंबर का था। परिजनों के अनुसार, उसकी शादी तय हो चुकी थी और फरवरी में विवाह होना था। वह एक निजी बैंक में नौकरी करता था। शादी की तैयारियों के बीच बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। शक्तिमान जोशी पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसके बड़े भाई बंटी और विष्णु हैं, जबकि छोटे भाई शिवम और लवकुश हैं। शक्तिमान की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। हादसे के बाद दोनों परिवारों के लोग सदमे में हैं। परिजनों का कहना है कि चिकित्सकों द्वारा रेफर किए जाने के बाद कई बार एंबुलेंस के लिए संपर्क किया गया, लेकिन करीब डेढ़ घंटे तक वाहन नहीं पहुंचा। इसी दौरान घायल की हालत बिगड़ती गई और अस्पताल पहुंचने से पहले उसकी मौत हो गई। परिजनों ने एंबुलेंस व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *