![]()
अम्बेडकरनगर में अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर में 29 वर्षीय विवाहिता अंतिमा जायसवाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष का दावा है कि अंतिमा ने घर के बरामदे में फांसी लगाकर आत्महत्या की है, जबकि मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है। अंतिमा जायसवाल का विवाह 19 जून 2018 को मोहिउद्दीनपुर निवासी विपिन जायसवाल के साथ हुआ था। वह भीटी थाना क्षेत्र के रिउना गांव की रहने वाली थीं। मृतका के ससुर विश्राम ने बताया कि आज सुबह करीब चार बजे उन्होंने अंतिमा को घर के बरामदे में फांसी के फंदे पर लटका देखा। उनके अनुसार, घटना के समय अंतिमा कमरे में सो रही थी। अंतिमा के भाई हरिनाथ ने आरोप लगाया कि घटना से एक दिन पहले रात करीब 10 बजे अंतिमा ने अपनी मां रामलली से फोन पर बात की थी। उसने पैर में सूजन होने और ससुराल में उससे अधिक काम करवाए जाने की शिकायत की थी। हरिनाथ का यह भी आरोप है कि मायके आने पर भी अंतिमा को जबरन वापस ससुराल बुला लिया जाता था। परिजनों के अनुसार, अंतिमा और उसके ससुराल पक्ष के बीच पहले से विवाद चल रहा था। मायके पक्ष ने स्पष्ट रूप से विवाहिता को प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगा।
Source link