Sorting by

×




सहारनपुर के थाना साइबर क्राइम में ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। बड़गांव थाना क्षेत्र के गांव सिसौनी निवासी रीना राणा पत्नी संदीप सिंह ने शिकायत देकर बताया कि उनके यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शिमलाना शाखा स्थित खाते से अज्ञात साइबर ठगों ने अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 6,64,395 रुपए निकाल लिए। शिकायत के, अनुसार 27 जुलाई से 3 अगस्त 2026 के बीच ठगों ने कई किश्तों में 98,512 रुपए से लेकर एक-एक हजार रुपए तक की रकम खाते से ट्रांसफर कर ली। अधिकांश ट्रांजैक्शन 20 हजार से 50 हजार रुपए के बीच किए गए। पीड़िता का कहना है कि उसने किसी भी व्यक्ति को कोई भुगतान नहीं किया और न ही किसी को खाते से धनराशि निकालने की अनुमति दी। इसके बावजूद अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर खाते से पूरी रकम निकाल ली। पीड़िता ने साइबर थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने फर्जी तरीके से उसके बैंक खाते से धनराशि निकाली है। उसने पुलिस से मांग की है कि उसकी पूरी रकम वापस दिलाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गुरुवार की देर रात 11 बजे संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस बैंक ट्रांजैक्शन, ट्रांजैक्शन आईडी और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर साइबर ठगों की तलाश में जुटी है। साथ ही संबंधित बैंकों और साइबर एजेंसियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि निकाली गई रकम को ट्रेस कर पीड़िता को राहत दिलाई जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *