Sorting by

×




इटावा में सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में डीएम आवास के सामने तेज रफ्तार कार ने शनिवार रात 1 बजे सड़क किनारे बैठे तीन पशुओं को टक्कर मार दी। हादसे में दो पशुओं की मौत हो गई, जबकि एक पशु गंभीर रूप से घायल हो गया। मृत पशुओं में एक गर्भवती बताया गया है। दुर्घटना के बाद कार पलट गई और चालक मौके से फरार हो गया। मामले में गौ रक्षा और करणी सेना कार्यकर्ताओं ने रविवार शाम 5 बजे पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। करणी सेना जिला अध्यक्ष गोलू ठाकुर और गौ रक्षक आर्यन कुमार ने रविवार को सिविल लाइंस थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि कार संख्या यूपी-16 बीएच 1225 का चालक डीएम आवास की ओर से विकास भवन की तरफ तेज रफ्तार और कथित रूप से शराब के नशे में वाहन चला रहा था। इसी दौरान उसने सड़क किनारे बैठे तीन पशुओं को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा पशु गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। उसी दौरान वहां से गुजर रहा एक स्कूटी सवार भी कार की चपेट में आ गया। हालांकि वह बाल-बाल बच गया, लेकिन उसकी स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घटना की जानकारी मिलने पर गौ रक्षा दल से जुड़े कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। संगठन के पदाधिकारियों ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि लापरवाही और नशे में वाहन चलाने वालों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। थाना पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। कार और उसके चालक की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *